संसद हमले की 24वीं बरसी: पीएम मोदी, राहुल गांधी सहित नेताओं ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, बलिदान को किया नमन
नई दिल्ली (आरएनआई) संसद पर हुए आतंकी हमले की 24वीं बरसी पर आज पूरा देश उन वीर सुरक्षा कर्मियों को श्रद्धापूर्वक याद कर रहा है, जिन्होंने 2001 में अपनी जान की परवाह किए बिना आतंकियों के मंसूबों को नाकाम कर लोकतंत्र के मंदिर की रक्षा की थी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू सहित अनेक सांसदों और नेताओं ने संसद परिसर में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि समारोह के दौरान सभी नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद सुरक्षा कर्मियों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। संसद परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी और सुरक्षा बलों के जवान भी मौजूद रहे। देशभर में भी लोगों ने शहीदों को याद करते हुए उनके बलिदान को सलाम किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर कहा कि आज का दिन हमें 2001 में संसद पर हुए उस कायराना हमले की याद दिलाता है, जिसमें हमारे वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि संकट की उस घड़ी में शहीदों का साहस, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा अतुलनीय थी और भारत हमेशा उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए कृतज्ञ रहेगा।
इस बरसी पर शहीद सुरक्षा कर्मियों के परिजनों ने भी अपनी भावनाएं साझा कीं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि हमले की खबर मिलने के बाद उन्हें यह सूचना दी गई थी कि संसद में आतंकी हमला हुआ है और उनके अपने को गोली लगी है, लेकिन उस समय स्थिति स्पष्ट नहीं थी। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इस बात पर हमेशा गर्व रहेगा कि उनके परिजन ने देश की संसद की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यह दिन देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब आतंकवादियों ने संसद पर हमला किया, तब हमारे बहादुर सुरक्षा कर्मियों ने लोकतंत्र के इस पवित्र स्थल की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, उपराष्ट्रपति और सभी सांसद हर वर्ष संसद परिसर में शहीदों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं और देश उन्हें कभी भुला नहीं सकता।
संसद हमले की यह बरसी एक बार फिर देश को याद दिलाती है कि जब-जब भारत की ओर किसी ने बुरी नजर डाली है, तब-तब देश के वीर सपूतों ने अपने बलिदान से राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित की है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



