संसद में हंगामे के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज, प्रियंका गांधी बोलीं- जो हो रहा है वह अलोकतांत्रिक

Wednesday, July 22, 2026 - 12:41
0
संसद में हंगामे के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज, प्रियंका गांधी बोलीं- जो हो रहा है वह अलोकतांत्रिक

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान छात्रों से जुड़े मुद्दों और हालिया घटनाक्रम को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव लगातार तेज होता जा रहा है। कांग्रेस ने बुधवार को संसद परिसर में काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन किया, जबकि भाजपा ने इसे राजनीतिक नाटक करार दिया। इस बीच कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने संसद की कार्यवाही को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद में जो कुछ हो रहा है, वह अलोकतांत्रिक है।

कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि पार्टी के सभी सांसद काले कपड़े पहनकर छात्रों के साथ एकजुटता जताने के लिए विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पद पर बने रहने और युवाओं के मुद्दों पर सरकार के रवैये के विरोध में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के हितों की रक्षा के लिए उनके साथ खड़ी है।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद संजय यादव ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के कार्यकाल में बड़ी संख्या में परीक्षा प्रश्नपत्र लीक हुए हैं और बेरोजगारी लगातार बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय अपनी उपलब्धियों का प्रचार कर रही है।

कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने कहा कि पार्टी सांसदों ने काले कपड़े इसलिए पहने हैं क्योंकि एक दिन पहले विपक्ष के नेताओं और सांसदों के साथ पुलिस द्वारा किए गए व्यवहार का वे विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में संसद परिसर के मकर द्वार के सामने प्रदर्शन किया गया।

वहीं भाजपा की ओर से राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने कांग्रेस के प्रदर्शन को हताशा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह केवल सुर्खियां बटोरने के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा भी देशभर में कांग्रेस कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगी।

मदन राठौड़ ने आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के बयान पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन के दलों की सोच अलग-अलग है, इसलिए वे एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहते हैं। उनके अनुसार, यही कारण है कि विपक्ष के भीतर भी मतभेद लगातार सामने आ रहे हैं।

संसद के मानसून सत्र के दौरान छात्रों के मुद्दे, कथित परीक्षा अनियमितताओं और विपक्ष के विरोध को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गरमाया हुआ है। सत्ता पक्ष और विपक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं, जबकि इन मुद्दों को लेकर संसद के भीतर और बाहर दोनों जगह सियासी घमासान जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User