संजय राउत का प्रफुल्ल पटेल पर तीखा हमला, बोले—अपनी पार्टी से ज्यादा भाजपा के करीब हैं
मुंबई (आरएनआई)। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल पर जोरदार पलटवार किया है। राउत ने आरोप लगाया कि प्रफुल्ल पटेल अपनी पार्टी से ज्यादा भारतीय जनता पार्टी के करीब हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बड़े भक्त हैं।
बुधवार को मीडिया से बातचीत के दौरान संजय राउत ने कहा कि एनसीपी पवारों की पार्टी है, पटेलों की नहीं। उन्होंने यह भी दावा किया कि एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे का झुकाव भी भाजपा की ओर है। राउत ने कहा कि प्रफुल्ल पटेल को वही करना चाहिए, जो महाराष्ट्र और मराठी मानुष के हित में स्वीकार्य हो।
राउत ने आगे कहा कि प्रफुल्ल पटेल एक पार्टी नेता से ज्यादा भाजपा नेतृत्व के समर्थक नजर आते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एनसीपी और शिवसेना में जो टूट देखने को मिली है, उसके पीछे भाजपा की भूमिका रही है। राउत के मुताबिक, एनसीपी की स्थापना शरद पवार ने की थी और शिवसेना की नींव बाल ठाकरे ने रखी थी, लेकिन दोनों दलों को तोड़ने का काम भाजपा ने किया।
उधर, प्रफुल्ल पटेल ने मंगलवार को कहा था कि वह एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की दौड़ में नहीं हैं। उन्होंने यह भी टिप्पणी की थी कि पार्टी के फैसलों पर ऐसे लोग बयान दे रहे हैं, जिनका एनसीपी से कोई लेना-देना नहीं है। अजित पवार के निधन के बाद पार्टी नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच पटेल के बयान ने राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है।
विपक्षी दलों का आरोप है कि अजित पवार के निधन के बाद प्रफुल्ल पटेल एनसीपी की कमान संभालना चाहते हैं। इसी पृष्ठभूमि में संजय राउत के इस बयान को महाराष्ट्र की राजनीति में बढ़ते तनाव के रूप में देखा जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



