श्रीविश्वनाथ इन्सीटि्यूशन ग्रुप कलान में वृहद रोजगार मेले में 6500 युवाओं का चयन,110 कंपनियों ने दिए अवसर

Monday, March 16, 2026 - 20:33
Updated: 6 months ago
0
श्रीविश्वनाथ इन्सीटि्यूशन ग्रुप कलान में वृहद रोजगार मेले में 6500 युवाओं का चयन,110 कंपनियों ने दिए अवसर

सुलतानपुर (आरएनआई) कादीपुर अखंडनगर क्षेत्र के कलान स्थित श्री विश्वनाथ पी.जी. कॉलेज परिसर में सोमवार को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें 6500 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया। श्री विश्वनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस कलान, श्रम विभाग, जिला सेवायोजन कार्यालय सुल्तानपुर, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार तथा एमएसटीसी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में कुल 110 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया।

रोजगार मेले में कुल 9680 महिला व पुरुष अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने साक्षात्कार के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया। इस दौरान प्रतिभागियों, उनके अभिभावकों तथा अन्य आगंतुकों को मिलाकर लगभग 15 हजार लोगों की भीड़ परिसर में मौजूद रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कादीपुर विधायक राजेश गौतम उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त भाजपा जिलाध्यक्ष सुल्तानपुर सुशील त्रिपाठी, श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान के प्रबंधक शशि प्रकाश सिंह तथा श्री विश्वनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस कलान के प्रबंध निदेशक डॉ. वेद प्रकाश सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि तथा विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर बैज अलंकरण किया गया। स्वागत भाषण देते हुए श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान के प्रबंधक शशि प्रकाश सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सरकार की रोजगारपरक योजनाओं की चर्चा की तथा कार्यक्रम के आयोजन पर आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी तथा श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार की प्रतिनिधि कंचन पांडे ने रोजगार मेले से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने वाली कंपनियों को प्रत्येक अभ्यर्थी के हिसाब से तीन हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है तथा जो अभ्यर्थी छह माह तक लगातार नौकरी करते हैं, उनके खाते में भारत सरकार की ओर से छह हजार रुपये की राशि प्रदान की जाती है। उन्होंने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना तथा रोजगार संगम कार्यक्रम की भी जानकारी उपस्थित लोगों को दी।

मुख्य अतिथि मंत्री अनिल राजभर ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले आठ वर्षों में प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी विभागों में लगभग आठ लाख पचास हजार युवाओं को रोजगार दिया गया है, जबकि निजी क्षेत्र में सोलह लाख से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त चौंतीस लाख युवाओं का करियर काउंसलिंग कर उन्हें रोजगार की दिशा में मार्गदर्शन दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती में बीस प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं तथा पिंक मेल रोजगार मिशन के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण देकर देश और विदेश में रोजगार दिलाने का कार्य भी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रभाव दिखाई देगा और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में प्रशिक्षण तथा रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं से जुड़कर अपने सपनों को साकार करें।

रोजगार मेले में फ्लिपकार्ट, जेप्टो, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अशोक लेलैंड, टीवीएस टेक, हैयर, न्यू हॉलैंड, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, माइक्रोमैक्स, हैवेल्स, रिलायंस नेटमेड्स, एमआरएफ, हिताची एस्टेमो, मदरसन, डिक्सन, बजाज कैपिटल, अपोलो टायर्स, एक्साइड बैटरी, ओप्पो मोबाइल, टाटा मोटर्स, फिएट इंडिया, स्वराज ट्रैक्टर, किरलोस्कर तथा यामाहा मोटर सहित अनेक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेकर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए।

कार्यक्रम के अंत में श्री विश्वनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस कलान के प्रबंध निदेशक डॉ. वेद प्रकाश सिंह ने सभी अतिथियों, कंपनियों के प्रतिनिधियों, प्रतिभागियों, अभिभावकों, विद्यालय परिवार तथा उपस्थित सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए रोजगार मेले की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User