श्रम और कौशल विकास के लिए संसदीय समिति के सदस्य सांसद राजाराम ने सुनी मजदूरों की पीड़ा, संसद में मुद्दा उठाने का दिया आश्वासन

Oct 6, 2025 - 09:10
 0  1.2k
श्रम और कौशल विकास के लिए संसदीय समिति के सदस्य सांसद राजाराम ने सुनी मजदूरों की पीड़ा, संसद में मुद्दा उठाने का दिया आश्वासन

मथुरा (आरएनआई) : श्रम और कौशल विकास के लिए संसदीय समिति के सदस्य तथा बिहार की काराकट लोकसभा सीट से भाकपा माले के सांसद राजाराम ने कुरकंदा स्थित होटल द्वापर रिजॉर्ट्स में मथुरा रिफाइनरी के संविदा श्रमिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और आश्वासन दिया कि पारिश्रमिक की लूट रोकने के लिए पेट्रोलियम वर्कर्स यूनियन के सुझावों के आधार पर वे इसका मुद्दा सरकार और संसद के समक्ष उठाएंगे।

मजदूरों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां पूरी तरह मजदूर विरोधी और कॉर्पोरेट समर्थक हैं, इसलिए देश के किसानों और मजदूरों को मिलकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने व्यंग्यपूर्ण रूप से कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री जी पर्यावरण के लिए 'एक पेड़ मां के नाम' का नारा देते हैं, दूसरी ओर भागलपुर में आम और लीची के हजारों पेड़ों वाली 1050 एकड़ भूमि मात्र 1 रुपये सालाना भाड़े पर अडानी को दे दी गई है, जिस पर पावर प्लांट लगाने की योजना है।

सांसद राजाराम ने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की रक्षा के लिए भी संघर्ष का आह्वान किया। उन्होंने भरोसा दिया कि मथुरा रिफाइनरी में संविदा श्रमिकों की स्थिति का जायजा लेने के लिए संसदीय समिति के दौरे का प्रस्ताव वे रखेंगे।

सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ मजदूर नेता शिवदत्त चतुर्वेदी ने की। इस अवसर पर पेट्रोलियम वर्कर्स यूनियन की कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स मथुरा रिफाइनरी यूनिट के अध्यक्ष मधुवन दत्त चतुर्वेदी एडवोकेट ने सभी सांसदों को प्रेषित पत्र और अन्य प्रतिवेदनों की प्रतियां सौंपते हुए बताया कि मथुरा रिफाइनरी, जिसे कभी इंदिरा गांधी जी ने 'आधुनिक मंदिर' कहा था, प्रबंधन और ठेकेदारों के गठजोड़ के कारण किस तरह काले धन की फैक्ट्री में बदल गई है।

यूनियन के सचिव जनक सिंह और टाउनशिप उपशाखा के अध्यक्ष दिलीप दुबे ने सांसद राजाराम को ब्रज संस्कृति के अनुरूप राधा-कृष्ण की मनोहारी छवि भेंट की। कार्यकारिणी सदस्य लक्ष्मण लवानिया, सुभाष जादौन, अतुल चौहान, विवेक सारस्वत, रमेश पंडित, पदम सिंह, मुंशीलाल, चांद खान, गरीब दास, रघुवीर सिंह, गोपाल शर्मा, किशनी जी और मोहन सिंह बाल्मीकि ने सांसद राजाराम का माल्यार्पण कर स्वागत किया और मथुरा रिफाइनरी के संविदा श्रमिकों के उत्पीड़न व भेदभाव की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.