शाहाबाद में पुलिस मुठभेड़: मलकापुर लूटकांड का खुलासा, तीन बदमाश गिरफ्तार, दो को लगी गोली

25-25 हजार के इनामी थे वांछित आरोपी, अवैध असलहे व नकदी बरामद

Sunday, March 1, 2026 - 09:54
Updated: 5 months ago
0
शाहाबाद में पुलिस मुठभेड़: मलकापुर लूटकांड का खुलासा, तीन बदमाश गिरफ्तार, दो को लगी गोली

शाहाबाद हरदोई (आरएनआई) जनपद में अपराध नियंत्रण के अभियान के तहत थाना शाहाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीते दिनों ग्राम मलकापुर में हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुए हैं। तीनों आरोपी 25-25 हजार रुपये के इनामी बताए जा रहे हैं।

क्या थी घटना

10 फरवरी 2026 को थाना शाहाबाद क्षेत्र के ग्राम मलकापुर निवासी अनीस खां पुत्र नसीर खां के घर में 4-5 अज्ञात बदमाशों ने धावा बोल दिया था। बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर घर में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद व आभूषण लूट लिए थे। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

इस संबंध में थाना शाहाबाद पर मुकदमा अपराध संख्या 60/26 धारा 331(4)/310(2) बीएनएस के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गई थीं।

ऐसे हुई मुठभेड़

अपराधियों की तलाश में चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना शाहाबाद पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि लूटकांड से जुड़े अभियुक्त शाहाबाद के निर्माणाधीन बाईपास के पास एक बाग में मौजूद हैं और किसी अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दो अभियुक्तों के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे को मौके से दबोच लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त

यादराम उर्फ यादव पुत्र मारखन लाल निवासी नौगमा पकडिया थाना सुनगढ़ी, जनपद पीलीभीत

धर्मेंद्र गिरी पुत्र हरपाल गिरी निवासी नौगमा पकडिया थाना सुनगढ़ी, जनपद पीलीभीत

समोल मंडल पुत्र उपेन मंडल निवासी भरतपुर थाना न्यूरिया, जनपद पीलीभीत

पुलिस के अनुसार इन अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिसकर्मी भी हुए घायल

मुठभेड़ के दौरान थाना शाहाबाद पर तैनात कांस्टेबल मंगेश एवं कांस्टेबल मनोज भी घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि सभी की हालत खतरे से बाहर है।

बरामदगी

₹17,520 नकद

03 अवैध तमंचे (.315 बोर)

05 जिंदा कारतूस (.315 बोर)

05 खोखा कारतूस (.315 बोर)

आगे की कार्रवाई

पुलिस द्वारा घायलों का उपचार कराते हुए अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User