शादी के सात दिन बाद दूल्हे का मर्डर, दुल्हन ने प्रेमी संग रचाई साजिश—सुहागरात के बाद शुरू हुए विवाद बने वजह
बस्ती/गोंडा (आरएनआई) उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शादी के सिर्फ सात दिन बाद ही दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी गई और हत्या की साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि दुल्हन ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल और पूछताछ के आधार पर किया, जिसके बाद दुल्हन रुखसाना और उसके प्रेमी रिंकू कनौजिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में इस्तेमाल बाइक और तमंचा भी बरामद कर लिया गया है, जबकि इस योजना में शामिल नाबालिग को संरक्षण गृह भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक, बेदीपुर गांव निवासी 28 वर्षीय अनीस की शादी 13 नवंबर को गोंडा जिले के डफल डिहवा गांव में हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि रुखसाना शादी से पहले गौर थाना क्षेत्र के महुआडाबर गांव निवासी रिंकू कनौजिया से प्रेम संबंध में थी और उसी से शादी करना चाहती थी। लेकिन परिजनों के दबाव में उसकी शादी अनीस से करा दी गई।
शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गए। इसके बाद रुखसाना ने रिंकू से संपर्क किया और दोनों ने अनीस को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। बुधवार को रुखसाना पति के घर से ननिहाल चली गई, जहां उसने रिंकू के साथ मिलकर हत्या की पूरी योजना बनाई। अगले ही दिन इस योजना को अंजाम दे दिया गया।
बृहस्पतिवार की रात अनीस गांव के बाजार से पैदल घर लौट रहे थे। घर से करीब 150 मीटर पहले ही बाइक सवार दो युवक पहुंचे और रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया। इसके बाद सिर में गोली मार दी और हथियार लहराते हुए फरार हो गए। अनीस को तुरंत अयोध्या के दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने जब जांच शुरू की तो पहली नजर में ही रुखसाना की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। रुखसाना और रिंकू के बीच लगातार हुई मोबाइल बातचीत ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। बस्ती के एसपी अभिनंदन ने बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या के पीछे प्रेम संबंध तथा शादी के बाद बढ़ते विवाद की पुष्टि हुई है।
अनीस की मौत से घर में कोहराम मच गया है। परिवार के लोग इस घटना से सदमे में हैं और गांव में शोक का माहौल है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



