अमेठी में भीषण सड़क हादसा, बरात से लौटते समय बुलेट और डीसीएम की टक्कर में तीन की मौत
अमेठी (आरएनआई) अमेठी के थौरा गांव के पास शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में बरात से लौट रहे तीन युवकों की मौत हो गई। बुलेट पर सवार तीनों युवक शादी से घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही डीसीएम ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।
महाराजपुर निवासी उत्कर्ष सिंह, बजरंग सिंह और अंशु सिंह बरात से वापसी कर रहे थे। उत्कर्ष जम्मू में तैनात थे और शुक्रवार दोपहर ही छुट्टी पर घर आए थे। शाम को वह दोस्तों के साथ शादी में शामिल होने गए लेकिन रात को लौटते समय दुर्घटना का शिकार हो गए। डीसीएम से आमने-सामने की टक्कर में उत्कर्ष और बजरंग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंशु को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना सुबह गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। तीनों परिवारों में कोहराम मच गया और घरों में चीख-पुकार गूंजने लगी। इंस्पेक्टर रवि सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
उत्कर्ष सिंह (32) अपनी यूनिट से छुट्टी लेकर घर आए थे। सुबह उनकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। उनकी पत्नी सोनम, बेटे माही (10) और रुद्र (8) का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता शेर बहादुर को अपने बेटे पर गर्व था, वहीं छोटा भाई संदीप भी सेना में तैनात है।
अंशु सिंह (30) बैजनाथ गांव का इकलौता बेटा था और घर में उसकी शादी की तैयारी चल रही थी। खेती की ज़िम्मेदारी उसी पर थी। उसकी मौत से परिवार की उम्मीदें चकनाचूर हो गईं। बहनें प्रतिमा और पूनम सदमे में हैं और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
बजरंग सिंह (25) भी गांव में मेहनती और शांत स्वभाव के लिए जाने जाते थे। दोस्तों के साथ शादी में गए थे और थोड़ी देर की खुशी ने घर को मातम में बदल दिया। सुबह गांव में सन्नाटा छा गया और लोग इस हादसे को अविश्वसनीय बताते हुए शोक में डूबे दिखाई दिए।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



