शंभू बॉर्डर पर वार्ता के बाद किसानों ने आंदोलन किया स्थगित, बहादुरगढ़ बाईपास से लौटे प्रदर्शनकारी
नई दिल्ली। दिल्ली कूच के दौरान बहादुरगढ़ बाईपास और द्वारका यूईआर-2 के प्रवेश बिंदु पर कई घंटों तक डटे किसानों ने पुलिस और प्रशासन के साथ हुई बातचीत के बाद अपना आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया। सहमति बनने के बाद प्रदर्शनकारी किसान अपने-अपने घरों की ओर लौट गए। इसके साथ ही बहादुरगढ़ बाईपास पर लंबे समय से बना गतिरोध समाप्त हो गया और यातायात सामान्य होने की उम्मीद है।
मंगलवार सुबह से किसान अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बहादुरगढ़ बाईपास पर प्रदर्शन कर रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी, जबकि पीछे लौटने का रास्ता भी बंद रहा। कई घंटों तक चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी, जिसके बाद किसानों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।
किसान नेता सुखजिंदर ने कहा कि उनका आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि केवल स्थगित किया गया है। उन्होंने कहा कि किसान अमेरिका के साथ किसी भी प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) का विरोध जारी रखेंगे और इस मुद्दे पर आगे की रणनीति तय करने के लिए किसान संगठनों की जल्द बैठक बुलाई जाएगी।
यह प्रदर्शन 'देश बचाओ मोर्चा' के बैनर तले आयोजित किया गया था, जिसमें विभिन्न किसान संगठनों ने हिस्सा लिया था। किसान घाट पर प्रस्तावित विरोध कार्यक्रम रद्द होने के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपने-अपने राज्यों में लौटने का फैसला किया।
भारतीय किसान यूनियन खोसा से जुड़े किसान, जो कई बसों के माध्यम से दिल्ली पहुंचे थे, बहादुरगढ़ से रोहतक होते हुए पंजाब के फिरोजपुर, मोगा और लुधियाना सहित अन्य जिलों के लिए रवाना हो गए। किसानों की वापसी के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली है और प्रभावित मार्गों पर यातायात व्यवस्था सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)