वृंदावन में प्रशासन का बड़ा एक्शन, दर्जनभर से अधिक होटल, गेस्ट हाउस और रेस्टोरेंट सील

Jun 24, 2026 - 20:55
 0  243
वृंदावन में प्रशासन का बड़ा एक्शन, दर्जनभर से अधिक होटल, गेस्ट हाउस और रेस्टोरेंट सील

मथुरा (आरएनआई)। लखनऊ में हाल ही में हुए अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में सुरक्षा मानकों की जांच के बीच धार्मिक नगरी वृंदावन में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दर्जन से अधिक होटल, गेस्ट हाउस, रूम स्टे, रेस्टोरेंट, सैलून और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। संयुक्त अभियान के दौरान भवन उपयोग नियमों, अग्नि सुरक्षा मानकों और वैधानिक अनुमतियों में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर यह कार्रवाई की गई।

बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस, अग्निशमन विभाग, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। अचानक हुई कार्रवाई से व्यापारिक क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। कई प्रतिष्ठान संचालकों ने प्रशासन की सख्ती की जानकारी मिलते ही अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए, जबकि कुछ मौके से चले गए। इसके बावजूद अधिकारियों ने जांच जारी रखी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सीलिंग की कार्रवाई की।

जांच के दौरान पता चला कि कई भवनों को आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृति मिली थी, लेकिन उनमें होटल, गेस्ट हाउस और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इसके अलावा अनेक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी के आवश्यक इंतजाम नहीं मिले और कई स्थानों पर जरूरी लाइसेंस व विभागीय अनुमतियों का भी अभाव पाया गया।

सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

अभियान के दौरान चैतन्य विहार क्षेत्र स्थित एक अस्पताल की वैधानिक स्थिति पर भी सवाल उठे। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजकर जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अस्पतालों सहित सभी संस्थानों की कानूनी स्थिति और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी।

दिनभर चली इस कार्रवाई की शहरभर में चर्चा रही। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि अवैध निर्माण, फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी और स्वीकृत नक्शों के विपरीत उपयोग किए जा रहे भवनों के खिलाफ आगे भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.