लोकतांत्रिक तानाशाही देश की व्यवस्था मिटा रही - जयवर्धन सिंह

2022 में केस बंद का आवेदन दिया, मोदी-अदाणी की तस्वीर संसद में दिखाते ही सूरत कोर्ट से उसी केस में फैसला आ गया? - जयवर्धन सिंह

Friday, March 31, 2023 - 20:11
Updated: 4 years ago
0
लोकतांत्रिक तानाशाही देश की व्यवस्था मिटा रही - जयवर्धन सिंह

गुना। राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म करने के बाद कांग्रेस को केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा मुद्दा मिल गया है। राष्ट्रीय स्तर से लेकर गांव-गांव तक कांग्रेस इस घटनाक्रम से आमजन को अवगत कराने की तैयारी कर रही है। जल्द ही जय भारत सत्याग्रह आंदोलन के तहत कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता लोगों के बीच जाएंगे। यह यात्रा अप्रैल महीने से शुरु होगी और पूरे 60 दिनों तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उद्योगपति अडाणी के बीच गहरे संबंधों को उजागर करने के बाद देश में बन चुकी अघोषित तानाशाही की स्थिति के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा।
 
इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह ने शनिवार को विस्तार से जानकारी दी और केंद्र की भाजपा सरकार सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह के साथ-साथ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, गृहमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। जयवर्धन ने अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियों की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया है कि भारत को एक निर्वाचित तानाशाही बताया जा रहा है, यह बेहद गंभीर बात है। जयवर्धन ने गुना में बड़ा खुलासा किया है, उन्होंने न्यायपालिका में केंद्र सरकार के दखल की बात कहते हुए बताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह द्वारा उन जजों का चयन किया जा रहा है, जो उनके हिसाब से चलें। इससे दिखता है कि देश पूर्ण तानाशाही की तरफ जा रहा है। जयवर्धन ने राहुल गांधी मामले में कुछ अहम खुलासे करते हुए बताया है कि इस केस को बंद करने के लिए शिकायतकर्ता ने मार्च 2022 में आवेदन दिया था। लेकिन 7 फरवरी 2023 को राहुल गांधी ने संसद में मोदी और अडाणी की तस्वीर दिखाई, वैसे ही आनन-फानन में सूरत की कोर्ट का फैसला आ गया। जयवर्धन के मुताबिक इस बौखलाहट को पूरे देश ने देखा है। कांग्रेस नेता ने कड़े तेवर दिखाते हुए ऐलान किया कि कांग्रेस भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी की तानाशाही के खिलाफ झुकेगी नहीं, बल्कि देशभर में संघर्ष करेगी। पूर्व मंत्री ने गुना जिले के आरोन में किसान को जमीन कुर्की से संबंधित मिले नोटिस पर चिंता जाहिर की है और दावा किया है कि ग्वालियर-चम्बल संभाग का मतदाता चुनाव का इंतजार कर रहा है। साल 2020 में कांग्रेस और कमलनाथ के साथ अन्याय हुआ है, इसलिए वोटर एक बार फिर कमलनाथ की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनवाने की तैयारी में है।
इस अवसर पर जयवर्धन सिंह के साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़, शहर अध्यक्ष हरि विजयवर्गीय, राघौगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष विजय साहू, नरेंद्र लाहोटी, संगठन मंत्री विश्वनाथ तिवारी, रजनीश शर्मा, पूर्व पार्षद हर्ष मेर, शेखर वशिष्ठ, अजीत सिकरवार आदि उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User