लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर हमला, चप्पलें फेंकी गईं — बोले, “राजद के गुंडों की छाती पर चलेगा बुलडोजर”
लखीसराय/पटना (आरएनआई), 6 नवंबर 2025। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच लखीसराय में बुधवार को उपमुख्यमंत्री और भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर हमला और विरोध प्रदर्शन का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रचार के दौरान कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया, ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाए और चप्पलें फेंकीं। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और भीड़ को हटाया।
जानकारी के अनुसार, विजय कुमार सिन्हा चुनाव प्रचार के सिलसिले में लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के खुड़ियारी गांव पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोकने की कोशिश की। कहा जा रहा है कि भीड़ में शामिल राजद समर्थकों ने विरोध स्वरूप नारेबाजी की और उनकी गाड़ी पर जूते-चप्पल और यहां तक कि गोबर तक फेंका। मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने तत्काल हस्तक्षेप कर हालात काबू में किए। हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
घटना के बाद उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “भीड़ में राजद के गुंडे थे। वे मुझे गांव में जाने नहीं दे रहे हैं। मेरे पोलिंग एजेंट को भगा दिया गया और वोट डालने से रोका गया। उन्हें मालूम है कि एनडीए सत्ता में आने वाली है, इसलिए अब उनकी छाती पर बुलडोजर चलेगा।”
इस घटना के बाद लखीसराय पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। एसपी अजय कुमार स्वयं दल-बल के साथ हलसी प्रखंड के खुड़ियारी गांव पहुंचे, जहां बूथ संख्या 404 और 405 पर बूथ कैप्चरिंग की आशंका जताई गई थी। एसपी ने मौके का निरीक्षण कर मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से जारी रखने के निर्देश दिए। सुरक्षा बलों ने गांव में फ्लैग मार्च कर लोगों में भरोसा बहाल किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। घटना को लेकर संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है। जिले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को दोबारा होने से रोका जा सके।
लखीसराय की यह घटना चुनावी माहौल के बीच राजनीतिक तनाव को दर्शाती है। जहां एक ओर एनडीए विकास और स्थिरता का नारा दे रही है, वहीं विपक्षी दल इसे जनाक्रोश का प्रतीक बता रहे हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से शांति बनाए रखने और लोकतांत्रिक तरीके से मतदान में भाग लेने की अपील की है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



