लखीमपुर खीरी में तेंदुए का कहर: रेंजर, दरोगा, सिपाही समेत 5 लोग घायल, मच गई अफरा-तफरी
लखीमपुर खीरी (आरएनआई) लखीमपुर खीरी के धौरहरा वन रेंज अंतर्गत जुगनूपुर गांव में मंगलवार को एक तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया। तेंदुआ पहले भट्ठे पर काम कर रहे युवक पर झपटा, फिर मौके पर पहुंचे वन विभाग और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में रेंजर, वन दरोगा, एक सिपाही और दो ग्रामीण घायल हो गए।
जुगनूपुर गांव में मेड़ई लाल वर्मा के ईंट भट्ठे की चिमनी में तेंदुआ छिपा बैठा था। दोपहर करीब एक बजे उसने गिरधारी पुरवा निवासी मिहीलाल (35) पर हमला कर दिया। मिहीलाल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और पथराव कर तेंदुए को भगाने लगे। इस दौरान मिहीलाल की जान तो बच गई, लेकिन वह घायल हो गया और तेंदुआ केले के खेत में भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय वन अधिकारी नृपेंद्र चतुर्वेदी वन टीम और यूपी-112 पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। जैसे ही टीम तेंदुए को पकड़ने के लिए खेत की ओर बढ़ी, तेंदुए ने फिर हमला कर दिया। हमले में वन दरोगा राजेश कुमार दीक्षित, रेंजर नृपेंद्र चतुर्वेदी, पीआरवी सिपाही राम सजीवन और एक ग्रामीण इकबाल खां घायल हो गए।
घायलों को तुरंत सीएचसी धौरहरा लाया गया, जहां से मिहीलाल, इकबाल खां और वन दरोगा राजेश दीक्षित को लखीमपुर रेफर किया गया। रेंजर और सिपाही को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना के बाद सीओ शमशेर बहादुर सिंह और प्रभारी निरीक्षक सुरेश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों को दो घंटे की मशक्कत के बाद खेत से हटाया गया। क्षेत्रीय वनाधिकारी ने बताया कि तेंदुए की निगरानी की जा रही है और एक्सपर्ट टीम को बुला लिया गया है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



