राघौगढ़ में प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित, विभिन्न योजनाओं की प्रगति, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं जनकल्याण कार्यों पर हुई विस्तार से चर्चा

Saturday, April 19, 2025 - 19:03
Updated: 2 years ago
0
राघौगढ़ में प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित, विभिन्न योजनाओं की प्रगति, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं जनकल्याण कार्यों पर हुई विस्तार से चर्चा

गुना (आरएनआई) नगर पालिका परिषद राघौगढ़ में आज प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत में मंत्री श्री राजपूत का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, एसडीएम विकास कुमार आनंद सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। 

बैठक में नगर पालिका परिषद राघौगढ़-विजयपुर एवं नगर परिषद मधुसूदनगढ़ की बिंदुवार समीक्षा की गई। सबसे पहले स्वच्छता व्यवस्था पर चर्चा हुई। मंत्री श्री राजपूत ने साफ-सफाई की स्थिति की जानकारी लेते हुए फील्ड पर कार्यरत कर्मचारियों की मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो कर्मचारी कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाया जाए।

मंत्री श्री राजपूत ने कहा, “हमारे पास सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं, ऐसे में यह आत्ममंथन का विषय है कि हम स्वच्छता रैंकिंग में अग्रणी स्थान पर क्यों नहीं आ पाए। अब हमें टीम भावना और समन्वय के साथ कार्य करते हुए परिणामों में सकारात्मक बदलाव लाना होगा।” इसके पश्चात प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत योजना, आयुष्मान कार्ड, पेंशन योजना, पीएम समिति सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत पेयजल व्यवस्था एवं हेडपंपों के संचालन की स्थिति पर चर्चा हुई। कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्देश दिए कि सभी हेडपंपों की रिपोर्ट तैयार कर उनकी मरम्मत कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराए जाएं।जनपद पंचायत की समीक्षा में जल संवर्धन अभियान, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं गौशाला निर्माण जैसे विषयों पर कार्य की स्थिति प्रस्तुत की गई।

बैठक के दौरान पार्षदों ने ठेकेदारों द्वारा कार्य समय पर पूर्ण न करने की शिकायतें रखीं। इस पर मंत्री श्री राजपूत ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जिन ठेकेदारों ने अनुबंधित कार्य समयसीमा में पूर्ण नहीं किए हैं, उनकी राशि जप्त कर संबंधित कंपनी को ब्लैकलिस्ट किया जाए।

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान बीज वितरण, उपार्जन व्यवस्था एवं पराली जलाने की रोकथाम जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने पराली जलाने की घटनाओं को “शून्य स्तर” पर लाने के निर्देश दिए। मंत्री श्री राजपूत ने निर्देशित किया कि खाद-बीज विक्रेताओं द्वारा मिलावट की शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाए, और यदि संबंधित अधिकारी इसमें लापरवाही करते हैं तो उन पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के अंत में मंत्री श्री राजपूत ने कहा, “आज के समय में कोई भी गलत कार्य करने वाला अब बच नहीं पाएगा। सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी ढंग से होंगी।" उन्होंने अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए तथा ‘हर घर जल’ योजना के अंतर्गत अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर आमजन को लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि यह बैठक मात्र औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें दिए गए सभी निर्देशों का ईमानदारी एवं दृढ़ता से पालन सुनिश्चित किया जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User