रक्षा मंत्री ने जारी की बीआरओ की नई मार्गदर्शिका, सीमावर्ती इलाकों में सड़क निर्माण को मिलेगी रफ्तार

Dec 24, 2025 - 11:58
 0  135
रक्षा मंत्री ने जारी की बीआरओ की नई मार्गदर्शिका, सीमावर्ती इलाकों में सड़क निर्माण को मिलेगी रफ्तार

नई दिल्ली (आरएनआई)। देश की सीमाओं पर मजबूत और भरोसेमंद सड़क नेटवर्क विकसित करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा तैयार की गई विशेष मार्गदर्शिका जारी की। यह मार्गदर्शिका सड़कों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार करने के लिए एक मानक दस्तावेज के रूप में काम करेगी, जिससे परियोजनाओं की गुणवत्ता, समयबद्धता और लागत नियंत्रण में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि बीआरओ की यह नई गाइडलाइन सीमावर्ती इलाकों में रक्षा बुनियादी ढांचे को मजबूती देगी और दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी। अक्सर देखा गया है कि कमजोर योजना या अधूरी डीपीआर के कारण सड़क परियोजनाओं में देरी और बजट में बढ़ोतरी होती है, लेकिन इस मार्गदर्शिका से इंजीनियरों को बेहतर डिजाइन, निर्माण तकनीक और लागत विश्लेषण में मदद मिलेगी, जिससे काम समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा हो सकेगा।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह पहल न केवल सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही, आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी।

इसी कड़ी में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सोमवार को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (आरआरयू) के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए। इस एमओयू का उद्देश्य रक्षा और आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में अनुसंधान और प्रशिक्षण को मजबूत करना है, ताकि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में तकनीकी और रणनीतिक क्षमताओं को और सशक्त किया जा सके। इस अवसर पर थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ सैन्य और नागरिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.