यूपी विधानसभा में आज बनेगा रिकॉर्ड: 24 घंटे चलेगा सदन, मंत्रियों की शिफ्टवार ड्यूटी

यूपी विधानसभा में आज रिकॉर्ड बनने जा रहा है। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाला सदन कल दोपहर 11 बजे तक अनवरत चलता रहेगा। 

Aug 13, 2025 - 11:32
 0  108
यूपी विधानसभा में आज बनेगा रिकॉर्ड: 24 घंटे चलेगा सदन, मंत्रियों की शिफ्टवार ड्यूटी

लखनऊ (आरएनआई) विधान परिषद और विधानसभा में 13 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे से विजन डॉक्युमेंट-2047 पर चर्चा शुरू होगी। यह चर्चा 14 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे तक लगातार चलेगी। इसका थीम है- विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश-2047। विधानसभा में चर्चा की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे जबकि विधान परिषद में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सबसे पहले अपनी बात रखेंगे। वर्ष 2047 में यूपी को लेकर सदस्यों का क्या दृष्टिकोण है। तब तक क्या-क्या काम होने चाहिए और यूपी की कैसी तस्वीर तब तक वे देखना चाहते हैं। सभी सदस्य इस मुद्दे पर अपना मत रख सकेंगे। चर्चा में भाग लेने के लिए मंत्रियों के लिए भी समय का स्लॉट तय कर दिया गया है।

विजन डॉक्यूमेंट पर चर्चा को लेकर सपा ने भी अपनी रणनीति तैयार की है। सपा सदस्यों का कहना है कि वे सदन में मौजूद रहकर भाजपा के झूठे वादों की पोल खोलेंगे। सपा के विधायक आरके वर्मा ने कहा कि हम भाजपा का विजन डाक्यूमेंट बहुत पहले देख चुके हैं। उन्होंने सवाल दागे कि क्या काला धन वापस आया। हर खाते में 15 लाख पहुंचे। दो करोड़ लोगों को रोजगार मिला। नोटबंदी के क्या फायदे हुए और किसानों की आय दोगुना करने के वादे का क्या हश्र हुआ। सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि यह चर्चा अनावश्यक है। अपनी रणनीति हम बुधवार को 10 बजे बैठक करके तय करेंगे।

बुधवार से चौबीस घंटे चलने वाले सदन में मंत्रियों की मौजूदगी अनिवार्य करने के लिए शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। बुधवार शाम 6 बजे से बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे तक सदन में रहने के लिए 28 मंत्रियों का रोस्टर जारी किया गया है। सबसे ज्यादा 8 मंत्री तड़के तीन बजे से सुबह छह बजे के बीच रहेंगे। सदन में हर समय मंत्रियों की अनिवार्य मौजूदगी का रोस्टर बुधवार शाम 6 बजे से लागू होगा। इससे पहले सदन में 28 के अतिरिक्त अन्य मंत्री मौजूद रहेंगे। शाम 6 से बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे तक का समय छह शिफ्ट में बांटा गया है। सिर्फ एक शिफ्ट दो घंटे की होगी। शेष शिफ्ट 3-3 घंटे की रहेंगी।

इस तरह होगी मंत्रियों की शिफ्ट
बुधवार शाम 6 से रात 9 बजे तक : लक्ष्मी नारायण चौधरी, राकेश सचान, नितिन अग्रवाल और विजय लक्ष्मी गौतम

रात में इस तरह होगा काम का बंटवारा
रात 9 से 12 बजे तक : योगेंद्र उपाध्याय, कपिल देव अग्रवाल, सतीश चंद्र शर्मा
रात 12 से तड़के 3 बजे तक : अनिल कुमार, दयाशंकर सिंह, दयाशंकर मिश्र दयालु और बृजेश सिंह


तड़के तीन बजे के बाद इन्हें जिम्मेवारी
तड़के 3 बजे से सुबह 6 बजे तक : अनिल राजभर, गिरीश चंद्र यादव, बलदेव सिंह औलख, दिनेश खटिक, संजीव गोंड, रामकेश निषाद, मनोहर लाल मन्नू कोरी और केपी मलिक

बृहस्पतिवार सुबह 6 बजे से 9 बजे तक : जयवीर सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, संदीप सिंह, रवींद्र जायसवाल और सोमेंद्र तोमर
सुबह 9 से 11 बजे तक : सूर्य प्रताप शाही, संजय सिंह निषाद, गुलाब देवी और रजनी तिवारी

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.