यूपी में मानसून की रफ्तार पड़ी धीमी, अगले चार दिन बढ़ेगी उमस; पूर्वी तराई के जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों की अच्छी बारिश के बाद मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ती नजर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप और उमस का दौर रहेगा, जबकि बारिश की गतिविधियां मुख्य रूप से पूर्वी तराई के जिलों तक सीमित रहेंगी।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब कमजोर होकर लो-प्रेशर क्षेत्र में बदल गया है। इसके प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अगले चार दिनों तक बारिश में कमी रहेगी। इस दौरान तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्यांचल में अगले चार-पांच दिनों तक केवल हल्की से मध्यम और छिटपुट बारिश की संभावना है। वहीं पूर्वी तराई के कुछ जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बीते 24 घंटों में बाराबंकी में 160 मिमी, सहारनपुर में 99 मिमी, बरेली में 87 मिमी और बहराइच में 72.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। विभाग के अनुसार फिलहाल पूर्वी तराई में बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मानसून कमजोर बना रहेगा।
मौसम विभाग ने महराजगंज, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, बलरामपुर और अंबेडकरनगर समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)