यूपी में मानसून का कहर जारी, 63 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; 60 जिलों में वज्रपात की चेतावनी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार के लिए प्रदेश के 63 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही लगभग 60 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 18 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 45 अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में बांदा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी शामिल हैं। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ जलभराव और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है।
सोमवार को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। तराई क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां बरेली में 174 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा लखीमपुर खीरी में 160 मिलीमीटर, रामपुर में 152 मिलीमीटर और शाहजहांपुर में 150.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अन्य कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है। उन्होंने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार जुलाई महीने में प्रदेश में मानसूनी बारिश अब सामान्य स्तर के करीब पहुंच गई है। 20 जुलाई तक उत्तर प्रदेश में 160.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि का सामान्य औसत 170.3 मिलीमीटर है। यानी अब तक केवल छह प्रतिशत कम बारिश हुई है, जिसे मौसम विभाग सामान्य श्रेणी में मानता है। विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में मानसून की स्थिति सामान्य बनी हुई है और आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)