यूपी के रास्ते नेपाल-बांग्लादेश तक पहुंच रहीं नकली दवाएं, एफएसडीए जांच में संगठित नेटवर्क का खुलासा

Tuesday, July 21, 2026 - 12:28
0
यूपी के रास्ते नेपाल-बांग्लादेश तक पहुंच रहीं नकली दवाएं, एफएसडीए जांच में संगठित नेटवर्क का खुलासा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नकली दवाओं का संगठित नेटवर्क सामने आया है, जो राज्य की प्रमुख दवा मंडियों से लेकर छोटे शहरों के मेडिकल स्टोरों तक सक्रिय है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की जांच में खुलासा हुआ है कि राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश से तैयार होकर आने वाली नामचीन कंपनियों की नकली दवाएं उत्तर प्रदेश के रास्ते नेपाल और बांग्लादेश तक पहुंचाई जा रही हैं। दवा कारोबारियों का अनुमान है कि बाजार में करीब 40 प्रतिशत तक नकली दवाएं मौजूद हो सकती हैं।

एफएसडीए ने पिछले एक महीने में कार्रवाई करते हुए लगभग 20 करोड़ रुपये की नकली दवाएं जब्त की हैं। इसके अलावा 50 से अधिक मेडिकल स्टोरों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर प्रदेश के कई जिलों में लगातार छापेमारी की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

जांच में सामने आया है कि आगरा और लखनऊ की प्रमुख दवा मंडियां इस अवैध सप्लाई चेन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनी हुई हैं। यहां पहुंचने के बाद नकली दवाओं को प्रदेश के विभिन्न जिलों में भेजा जाता है। अधिकारियों के अनुसार जब एफएसडीए की निगरानी और कार्रवाई तेज होती है तो सप्लाई अस्थायी रूप से रुक जाती है, लेकिन निगरानी कम होते ही नेटवर्क फिर सक्रिय हो जाता है। कई मामलों में नकली दवाएं कोरियर सेवाओं के माध्यम से भी एक शहर से दूसरे शहर भेजी जा रही हैं, जबकि सरकारी और निजी बस अड्डों के आसपास बने गोदामों से इन्हें मेडिकल स्टोरों तक पहुंचाया जाता है।

एफएसडीए की जांच के मुताबिक महराजगंज और सिद्धार्थनगर के रास्ते नकली दवाओं की खेप नेपाल भेजी जा रही है। वहीं वाराणसी से बिहार और पश्चिम बंगाल तक दवाएं पहुंचाई जाती हैं, जहां उनकी पैकेजिंग बदलकर उन्हें बांग्लादेश भेजने की आशंका जताई गई है।

जांच के दौरान कई दवाओं के नमूनों में आवश्यक औषधीय तत्व बेहद कम या न के बराबर पाए गए हैं। अधिकारियों को यह भी संदेह है कि जल्द एक्सपायर होने वाली दवाओं पर नया रैपर चढ़ाकर उन्हें दोबारा बाजार में बेचा जा रहा है। एफएसडीए का कहना है कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय कर कार्रवाई जारी है, ताकि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले इस अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User