यूपी में भीषण सर्दी का कहर: 48 जिले कोहरे और गलन की चपेट में, सरकार ने जारी किया अलर्ट; स्कूलों का अवकाश 27 दिसंबर तक बढ़ा
लखनऊ (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश में ठंड अपने चरम पर पहुंच गई है। पहाड़ों पर हुई भारी बर्फबारी और वहां से आ रही सर्द, गलन भरी उत्तरी-पछुआ हवाओं के चलते पूरे प्रदेश में तापमान तेजी से गिर रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 48 जिलों में घने कोहरे और शीत दिवस की चेतावनी जारी करते हुए अलर्ट घोषित किया है, वहीं हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों के अवकाश को 27 दिसंबर तक बढ़ा दिया है।
गुरुवार को लखनऊ समेत कई जिलों में सुबह के समय कोहरे की मोटी परत छाई रही, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। पश्चिमी यूपी में गलन और ठिठुरन बढ़ गई है, जबकि पूर्वी यूपी और तराई क्षेत्रों में अब भी घने कोहरे का असर बना हुआ है। कई इलाकों में दोपहर के बाद धूप निकली, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिल सकी।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं मैदानों की ओर बढ़ रही हैं, जिससे यूपी में कड़ाके की ठंड और गलन बढ़ रही है। हालांकि, आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में कोहरे के घनत्व में हल्की कमी आने की संभावना भी जताई गई है।
बुधवार सुबह कोहरे का असर इतना अधिक रहा कि प्रयागराज, कानपुर, बरेली और सहारनपुर में दृश्यता लगभग शून्य दर्ज की गई। बहराइच में मात्र 20 मीटर, इटावा में 40 मीटर और अमेठी, अयोध्या, सोनभद्र व वाराणसी में करीब 50 मीटर दृश्यता दर्ज की गई, जिससे सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग ने कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, मिर्जापुर, भदोही, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर समेत कई जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
लगातार बढ़ रही ठंड और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने स्कूलों में अवकाश को 27 दिसंबर तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



