यूपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी जिलों से शुरू हुई बारिश अब धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में फैलने वाली है। अगले कुछ दिनों में कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब अवदाब में बदल गया है। इसके प्रभाव से दक्षिणी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी, जबकि 7 से 12 जुलाई के बीच पूर्वांचल और तराई के कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है।
सोमवार को मिर्जापुर और हमीरपुर में 120 मिमी, लखीमपुर खीरी में 114 मिमी, औरैया में 68.8 मिमी तथा जालौन में 60 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा वाराणसी, प्रयागराज, चुर्क, बांदा और झांसी में भी अच्छी वर्षा हुई।
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही प्रदेश के अधिकांश जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और वज्रपात होने की भी चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि लगातार हो रही बारिश के प्रभाव से अगले पांच दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)