मेरठ में कपड़ा कारोबारी के मकान में भीषण आग, महिला और पांच बच्चों समेत छह की दर्दनाक मौत
मेरठ (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश के मेरठ में सोमवार रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर इस्लामाबाद में एक कपड़ा कारोबारी के तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक ही परिवार के छह लोगों—एक महिला और पांच बच्चों—की झुलसने व दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों में छह माह की जुड़वां बच्चियां भी शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गली नंबर-3 में स्थित यह मकान कपड़ा कारोबारी इकबाल अहमद का है। मकान के प्रथम तल पर ‘आई संस एम्ब्रॉयडरी’ नाम से कढ़ाई का कारखाना संचालित होता है, जबकि परिवार दूसरी मंजिल पर रहता है। हादसे के वक्त इकबाल अहमद और उनके दोनों बेटे आसिम व फारूक तरावीह की नमाज के लिए मस्जिद गए हुए थे। घर में इकबाल की पत्नी अमीर बानो, आसिम की पत्नी रुखसार, उनके तीन वर्षीय बेटे अकदस, छह माह की जुड़वां बेटियां नबिया और इनायत, तथा फारूक के दो बच्चे महविश और हम्माद मौजूद थे।
रात करीब 9:30 बजे अचानक घर में आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटें फैल गईं और पूरी इमारत धुएं से भर गई। भीतर फंसे बच्चों और महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। घनी आबादी और संकरी गलियों के कारण दमकल की गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच सकीं। इसके बावजूद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए छतों के रास्ते घर में घुसकर घायलों को बाहर निकाला और निजी संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की।
सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रुखसार और पांच बच्चों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से झुलसीं अमीर बानो और एक अन्य युवक शहजाद का इलाज जारी है, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अफसर मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। संकरी गलियों की वजह से बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)