‘फलस्तीनियों को बेसहारा छोड़ दिया गया है’, पीएम मोदी के इस्राइल दौरे को लेकर कांग्रेस का आरोप

Tuesday, February 24, 2026 - 12:06
0
‘फलस्तीनियों को बेसहारा छोड़ दिया गया है’, पीएम मोदी के इस्राइल दौरे को लेकर कांग्रेस का आरोप

नई दिल्ली (आरएनआई)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित इस्राइल दौरे को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि मोदी सरकार ने फलस्तीनियों को बेसहारा छोड़ दिया है। कांग्रेस का कहना है कि गाजा में आम नागरिकों पर हमले जारी हैं, ऐसे समय में प्रधानमंत्री का इस्राइल दौरा सरकार के पाखंडपूर्ण रवैये को दर्शाता है।

मंगलवार को कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा बयान में कहा कि गाजा में फलस्तीनी नागरिकों पर निर्दयतापूर्वक हमले हो रहे हैं और वेस्ट बैंक में हजारों फलस्तीनियों को बेदखल किया जा रहा है, जिसकी वैश्विक स्तर पर निंदा हो रही है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री ऐसे समय में इस्राइल का दौरा कर रहे हैं, जब हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं।

जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार फलस्तीन के मुद्दे पर केवल दिखावटी बयान देती है, जबकि वास्तविकता यह है कि उसने फलस्तीनियों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस्राइल और अमेरिका, ईरान पर हवाई हमलों की योजना बना रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री इस्राइल में अपने मित्र प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात करेंगे, जिन पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप हैं और जिन पर न्यायपालिका की स्वतंत्रता को कमजोर करने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।

कांग्रेस ने यह भी उल्लेख किया कि इस्राइल की आंतरिक राजनीति में भी प्रधानमंत्री मोदी का दौरा विवादों में घिर गया है। विपक्षी दलों ने चेतावनी दी है कि यदि संसदीय प्रोटोकॉल के तहत सुप्रीम कोर्ट के प्रमुख को आमंत्रित नहीं किया गया, तो वे भारतीय प्रधानमंत्री के संसद संबोधन का बहिष्कार कर सकते हैं।

कांग्रेस ने दोहराया कि भारत ऐतिहासिक रूप से फलस्तीन के समर्थन में रहा है और 18 नवंबर 1988 को फलस्तीन को मान्यता देने वाले शुरुआती देशों में शामिल था। ऐसे में मौजूदा रुख भारत की परंपरागत विदेश नीति से विपरीत है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी 25 फरवरी को दो दिवसीय यात्रा पर इस्राइल पहुंचेंगे, जहां वे इस्राइली संसद नेसट को संबोधित करेंगे और प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ-साथ राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User