मुंबई से हिमाचल और जम्मू तक बारिश का कहर, कई राज्यों में अलर्ट; जानिए IMD का ताजा पूर्वानुमान

Thursday, July 2, 2026 - 13:29
0
मुंबई से हिमाचल और जम्मू तक बारिश का कहर, कई राज्यों में अलर्ट; जानिए IMD का ताजा पूर्वानुमान

देश के कई हिस्सों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। जहां दिल्ली-एनसीआर में पहली बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं मुंबई, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश यादव के अनुसार, अगले कुछ दिनों में मानसून पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और गुजरात के पश्चिमी तटीय इलाकों तक आगे बढ़ेगा। अगले चार से पांच दिनों के दौरान कोंकण, गोवा और दक्षिण गुजरात में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है, जिसके चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा और मध्य भारत के कई हिस्सों में भी भारी वर्षा के आसार हैं।

मुंबई में लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया है। सड़कों और रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ है और लोगों को लंबी जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

हिमाचल प्रदेश में मानसून की पहली तेज बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया है। लाहौल-स्पीति और चंबा में बादल फटने की घटनाओं से सड़कें, फसलें और संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हुए हैं। मंडी जिले में पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। प्रदेश में 35 सड़कें बंद हैं, जबकि 127 बिजली ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं।

उत्तराखंड में भी बारिश का असर लगातार बढ़ रहा है। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में मलबा कई घरों में घुस गया, जबकि बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने से चारधाम यात्रा प्रभावित हुई है। कई वाहन रास्ते में फंस गए हैं।

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से फसलों, बाग-बगीचों और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। कई सड़कें मलबे से बंद हो गई हैं, जिससे कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है।

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना है। आईएमडी ने लोगों को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User