महाराष्ट्र में भारी बारिश का कहर: 13 की मौत, 17 उड़ानें रद्द; मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे बंद, सीएम फडणवीस ने बुलाई आपात बैठक

Monday, July 6, 2026 - 16:01
0
महाराष्ट्र में भारी बारिश का कहर: 13 की मौत, 17 उड़ानें रद्द; मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे बंद, सीएम फडणवीस ने बुलाई आपात बैठक

महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य में बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। मुंबई में दो स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जहां मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका है। राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीमें मौके पर रवाना कर दी गई हैं। सुरक्षा के मद्देनज़र मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का 'मिसिंग लिंक' सेक्शन और पुराना मुंबई-पुणे हाईवे बंद कर दिया गया है, जबकि कई ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

डॉ. शशि कांत ने बताया कि पश्चिमी तट के गुजरात, सौराष्ट्र, महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक और केरल में अत्यधिक से बेहद भारी बारिश की संभावना है। गुजरात, तटीय महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां कुछ स्थानों पर 21 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा हो सकती है। मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के दौरान 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि महाबलेश्वर और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में 40 से 50 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंत्रालय स्थित डिजास्टर कंट्रोल रूम में आपात बैठक की। बैठक में आपदा राहत मंत्री गिरीश महाजन और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोपहर बाद मुंबई में हाई टाइड के दौरान भारी बारिश होने पर जलभराव की स्थिति और गंभीर हो सकती है। साथ ही 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

भारी बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर सुबह 11:30 बजे तक 17 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 217 उड़ानें देरी से संचालित हुईं।

इस बीच कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के 'मिसिंग लिंक' सेक्शन पर हुए भूस्खलन को लेकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना में भारी भ्रष्टाचार हुआ है और घटिया निर्माण के कारण सड़क बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही है। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित एजेंसियों की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User