महाराष्ट्र में बारिश का कहर: 13 की मौत, 10 घायल; मुंबई में स्कूल-कॉलेज बंद, पहाड़ी इलाकों के लिए रेड अलर्ट

Tuesday, July 7, 2026 - 12:16
0
महाराष्ट्र में बारिश का कहर: 13 की मौत, 10 घायल; मुंबई में स्कूल-कॉलेज बंद, पहाड़ी इलाकों के लिए रेड अलर्ट

महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पिछले दो दिनों में बारिश और तेज हवाओं से जुड़ी घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 अन्य घायल हुए हैं। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, करीब 100 मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं और बाढ़ के कारण सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा है।

सबसे अधिक प्रभावित मुंबई में कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने मंगलवार को स्कूल और कॉलेज बंद रखने का फैसला किया है। मौसम विभाग ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी है।

बारिश के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 48 घंटों में लोनावला में 625 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं पिछले 24 घंटों में रायगढ़ में 236 मिमी, ठाणे में 161 मिमी, रत्नागिरी में 152 मिमी, पालघर में औसतन 132 मिमी तथा मुंबई के विभिन्न इलाकों में 100 से 161 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई।

लगातार बारिश के चलते उल्हास, कालू और पिंजल नदियां चेतावनी स्तर को पार कर चुकी हैं, जबकि अंबा, सावित्री, कुंडलिका, पातालगंगा, जगबुडी और उल्हास नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इसके चलते बदलापुर, मोहाने और जांभुलपाड़ा क्षेत्रों के लिए बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है।

सोमवार को बारिश से जुड़े कई हादसे भी सामने आए। मुंबई के मानखुर्द इलाके में एक इमारत झुग्गी बस्ती पर गिरने से छह लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। मुंबई के उपनगरीय क्षेत्र में पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि ठाणे में इमारत का हिस्सा ढहने से दो लोग घायल हुए। पालघर और सिंधुदुर्ग में डूबने से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। सिंधुदुर्ग में तेज हवाओं से 30 मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि सतारा जिले में भूस्खलन की घटना में एक व्यक्ति की मौत और चार लोग घायल हुए।

भूस्खलन के बढ़ते खतरे को देखते हुए माथेरान, लोनावला, खोपोली और लोहागढ़ जैसे पहाड़ी पर्यटन स्थलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की दो टीमें तैनात की गई हैं। पुणे जिले की मावल तहसील के पाटन गांव में भूस्खलन से एक मकान प्रभावित हुआ, जिसमें चार लोग फंस गए। वहीं तलेगांव-दाभाड़े के पास बाढ़ के पानी में फंसी 25 यात्रियों से भरी बस से सभी लोगों को एनडीआरएफ ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User