महाराणा प्रताप जयंती रैली में हिंसक बवाल, पथराव और तोड़फोड़ से दहला हापुड़ का देहरा गांव

Sunday, May 10, 2026 - 11:07
0
महाराणा प्रताप जयंती रैली में हिंसक बवाल, पथराव और तोड़फोड़ से दहला हापुड़ का देहरा गांव

हापुड़ के धौलाना क्षेत्र स्थित देहरा गांव में महाराणा प्रताप जयंती पर निकाली जा रही बाइक रैली उस समय हिंसक झड़प में बदल गई, जब एक युवक और दुकानदार के बीच हुई मामूली कहासुनी ने बड़ा रूप ले लिया। देखते ही देखते दो गुट आमने-सामने आ गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान जमकर पथराव, मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ हुई। हालात इतने बिगड़ गए कि कई थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर पहुंचना पड़ा।

जानकारी के अनुसार महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर सिरोधन से देहरा गांव तक करीब पांच किलोमीटर लंबी बाइक और कार रैली निकाली जा रही थी। रैली में पांच सौ से अधिक युवक शामिल थे, जबकि करीब सौ बाइक और कई कारें भी काफिले का हिस्सा थीं। गांव पहुंचने के बाद महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम चल रहा था और माहौल उत्साहपूर्ण था।

इसी दौरान प्रतिमा स्थल के पास रैली में शामिल एक युवक किसी दुकान पर सामान खरीदने पहुंचा, जहां किसी बात को लेकर उसकी दुकानदार से कहासुनी हो गई। पहले विवाद केवल बहस तक सीमित रहा, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग मौके पर जमा हो गए और तनाव बढ़ता चला गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही समय बाद दोनों गुटों के बीच मारपीट शुरू हो गई और फिर पथराव होने लगा। गांव की गलियों में अचानक पत्थरबाजी शुरू होने से भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

बवाल के दौरान कुछ युवक खुद को बचाने के लिए आसपास की छतों पर चढ़ गए। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने पीछा करते हुए एक युवक को छत से नीचे गिरा दिया। नीचे गिरने के बाद युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने कई वाहनों को भी निशाना बनाया। चार से पांच कारों में जमकर तोड़फोड़ की गई और उनके शीशे तोड़ दिए गए। ग्रामीणों के अनुसार गांव में करीब डेढ़ घंटे तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User