खाकी का सम्मान, मध्यप्रदेश पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन समारोह में सम्मानित हुए सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी

Saturday, March 2, 2024 - 22:44
Updated: 3 years ago
0
खाकी का सम्मान, मध्यप्रदेश पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन समारोह में सम्मानित हुए सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी

भोपाल (आरएनआई) मध्य प्रदेश पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा शनिवार 2 मार्च को 21वें विशिष्ट सदस्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जहांगीराबाद स्थित पुलिस परिवहन शोध संस्थान (पीटीआरआई) में आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और मेधावी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया।

इस अवसर पर डीजीपी सुधीर सक्सेना ने कहा कि मुझे अपने सेवाकाल में अनेक वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन मिला। सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों की सीख हर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी को सदैव उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करती है। इनके उदार कृतित्व व मार्गदर्शन के कारण हम उन्हें प्रणम्य मानते हैं और उनके प्रति आदर भाव रखते हैं। मप्र पुलिस का इतिहास काफी गौरवशाली रहा है। इसमें हमारे सेवानिवृत्त अधिकारियाें का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस अवसर पर डीजीपी श्री सक्सेना ने अपने अनुभव भी साझा किए। इस अवसर पर पूर्व डीजीपी एम नटराजन, नरेंद्र प्रसाद, अरुण गुर्टू, मध्य प्रदेश पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री गणेश प्रसाद दुबे, सचिव नरेंद्र सक्सेना सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में डीजीपी सुधीर सक्सेना द्वारा भारतीय पुलिस सेवा के 10 और राज्य पुलिस सेवा के 13 सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारियों को सम्मानित किया गया। इनमें वर्ष 1945 में जन्मे भारतीय पुलिस सेवा के एस.के. दास, मदन राने व रुस्तम सिंह तथा राज्य पुलिस सेवा के के.एस. तोमर, वी.पी. तिवारी, सी.पी. पाठक व एम.सी. शर्मा, वर्ष 1946 में जन्मे भारतीय पुलिस सेवा के विजय शुकुल तथा राज्य पुलिस सेवा के आर.सी. चंसोरिया, एन.एस. राठौर व जे. एल. राठौर, वर्ष 1947 में जन्मे भारतीय पुलिस सेवा के आर. के. दिवाकर, जी.डी. लखानी व ओ.पी. गर्ग तथा राज्य पुलिस सेवा के बृजबलि मिश्रा, फूलचंद्र वर्मा, एस.के. पाठक तथा वर्ष 1948 में जन्मे भारतीय पुलिस सेवा के सुदर्शन कुमार, प्रमोद शर्मा, आनंद राव पंवार व डॉ. सुभाष अत्रे तथा राज्य पुलिस सेवा के गोविन्द सिंह राजपूत व वाय.के. श्रीवास्तव शामिल हैं।

कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक ने मध्यप्रदेश पुलिस सर्विस पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदस्थ पुलिस कर्मचारियों के मेधावी बच्चों को प्राेत्साहन राशि के रूप में 10-10 हज़ार रुपए और प्रमाण-पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया । इन बच्चों ने इस साल 12वीं बोर्ड की परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर विशेष योग्यता प्राप्त की है या प्रावीण्य सूची में अपना स्थान बनाया है। पुरस्कृत मेधावी विद्यार्थियों में दिव्या भदौरिया, अदिति शर्मा, अद्वित्य सिंह परिहार, अक्षत रायकवार और प्रियदर्शिता दरबार शामिल हैं। इसके पश्चात देवास के सिविल लाइन्स थाने के नगर निरीक्षक श्री अजय चानना का भी सम्मान किया गया।

डीजीपी सुधीर सक्सेना ने कहा कि बड़ी खुशी की बात है कि मध्यप्रदेश पुलिस के सेवानिवृत्त अधिकारी आज भी टीम भावना के साथ समाज सेवा कर रहे हैं। पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन भी समाज में पुलिस की अच्छी छवि निर्मित करने में सहयोग देने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के प्रशिक्षण में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों के अनुभव का उपयोग किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User