मथुरा-वृंदावन में विवादित पोस्टर से सियासी बवाल, सपा नेताओं ने की कार्रवाई की मांग
मथुरा-वृंदावन में मंगलवार सुबह समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के विवादित पोस्टर लगाए जाने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया। पोस्टरों में दोनों नेताओं का आपत्तिजनक चित्रण और विवादित नारे लिखे गए थे, जिससे सपा कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार, गोवर्धन चौराहे के पास सुबह करीब सात बजे लोगों की नजर इन पोस्टरों पर पड़ी। पोस्टरों में मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव को धर्म विशेष की टोपी में दर्शाया गया था। राहगीरों ने पोस्टरों की तस्वीरें और वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किए, जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया और इसे राजनीतिक उकसावे की कोशिश बताया। पार्टी नेताओं का आरोप है कि इस तरह के पोस्टर रातों-रात लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि मथुरा के अलावा अयोध्या और बाराबंकी में भी इसी तरह के पोस्टर लगाए जाने की चर्चा है।
सपा के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने कहा कि मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार से की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विवादित पोस्टर किसने लगाए। घटना को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)