मथुरा-वृंदावन में ट्रैफिक अलर्ट: 47 मार्गों पर आवाजाही प्रतिबंधित, श्रद्धालुओं को होगा डायवर्जन से गुजरना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार को मथुरा-वृंदावन पहुंचेंगी। ऐसे में उनके दाैरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चाैबंद की गई है। बड़ी संख्या में मार्गों को आम वाहनों के लिए प्रतिबंधित किया गया है।
मथुरा (आरएनआई) मथुरा में बृहस्पतिवार को जरूरी कार्य से ही आप घर से निकलें। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर यातायात पुलिस ने वृंदावन में 24 और मथुरा के 23 मार्ग प्रतिबंधित कर दिए हैं। खासकर राष्ट्रपति के काफिले के गुजरने पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। रूट डायवर्जन प्लान सुबह 7 बजे से लागू हो जाएगा। सिर्फ निर्धारित मार्ग से ही वाहन निकल सकेंगे।
वृंदावन में राष्ट्रपति के आवागमन के दौरान 24 प्रमुख मार्ग प्रतिबंधित रहेंगे। इनमें छटीकरा अंडरपास से वृंदावन तक मार्ग, परिक्रमा मार्ग और सभी मुख्य तिराहे शामिल हैं। आगरा-दिल्ली साइड सर्विस रोड कट से छटीकरा अंडर पास तक वीवीआईपी मूवमेंट के समय मार्ग प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह राल तिराहा से छटीकरा अंडर पास तक, गरुड़ गोविंद गेट से छटीकरा अंडरपास तक, वैष्णोदेवी पार्किंग से वृंदावन की ओर जाने वाले सभी भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
चारधाम गेट से छटीकरा अंडपास तक, रुक्मिणी बिहार गोलचक्कर से वृंदावन की ओर जाने वाले भारी वाहन बंद प्रतिबंधित रहेंगे। सौफुटा तिराहा से अटल्ला की ओर जाने वाले वाहन वीवीआईपी मूवमेंट के समय प्रतिबंधित रहेंगे। वृंदावन कट, पानीगांव से वृंदावन तक, पानी घाट तिराहे (यमुना पुल) से परिक्रमा मार्ग तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसके अलावा कई ऐसे अन्य मार्ग भी शामिल हैं, वीवीआईपी मूवमेंट तक बंद रखा जाएगा।
छटीकरा से वृंदावन होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाले सभी प्रकार के कॉमर्शियल व भारी वाहन छटीकरा से मथुरा टाउनशिप चौराहा से गोकुल बैराज मोड से लक्ष्मीनगर तिराहा से होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे की ओर जा सकेंगे। गोकुल रेस्टोरेंट व मसानी चौराहा से वृंदावन होते हुए यमुनाएक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाले वाहन भी टाउनशिप चौराहा होकर यमुना एक्सप्रेस-वे पर निकलेंगे। यमुना एक्सप्रेस-वे वृंदावन कट से एचएच-19 पर जाने के लिए राया कट से लक्ष्मीनगर व गोकुल बैराज होते हुए टाउनशिप चौराहा से हाईवे पर जाएंगे।
शहर में 23 मुख्य स्थानों पर यातायात प्रतिबंध रहेगा। गोवर्धन चौराहा एवं मंडी चौराहा से भूतेश्वर की ओर जाने वाले कामर्शियल व भारी वाहन व रोडवेज बस प्रतिबंधित रहेंगी। रोडवेज बसें हाईवे पर जयगुरुदेव कट से औद्योगिक क्षेत्र होते हुए मालगोदाम तक आएंगी एवं इसी मार्ग से वापस जाएंगी। भूतेश्वर तिराहा से श्रीकृष्ण जन्मभूमि तक वीवीआईपी मूवमेंट के समय मार्ग बंद रहेगा।
इसी तरह गोकुल रेस्टोरेंट से मसानी चौराहा तक, कल्याण करोति बैरियर से मसानी चौराहा तक, मसानी चौराहा से डीगगेट, भूतेश्वर तिराहा तक वीवीआईपी मूवमेंट के समय वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। चौक बाजार से भरतपुर गेट तक, विश्रामघाट से होलीगेट तक, आर्य समाज फाटक से होलीगेट तक, नगर निगम चौराहा से होलीगेट तक मार्ग बंद रहेगा। इसी तरह कई ऐसे मार्ग हैं, जिन्हें वीवीआईपी मूवमेंट के समय प्रतिबंधित किया जाएगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



