मथुरा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, चावल से भरे दो ट्रक पकड़े; करीब 500 क्विंटल माल जब्त
रेखा शर्मा
मथुरा के छाता कस्बे में प्रशासन ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए चावल से भरे दो ट्रकों को पकड़ लिया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में करीब 500 क्विंटल चावल जब्त किए जाने की आशंका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी (ADM) और उपजिलाधिकारी (SDM) वैभव गुप्ता स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच का नेतृत्व किया।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब एक बजे प्रशासन को संदिग्ध तरीके से चावल से भरे दो ट्रकों के गुजरने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने दोनों वाहनों को रोककर कब्जे में लिया और छाता कोतवाली के सुपुर्द कर दिया।
ट्रकों से चावल की बोरियां उतरवाने के लिए ट्रैक्टर बुलाए गए। आपूर्ति निरीक्षक मोहन प्रकाश उपाध्याय, लेखपाल ललितेश पांचाल, अरविंद सिंह और जसविंदर सिंह समेत राजस्व टीम की मौजूदगी में बोरियों की गिनती और तौल का कार्य किया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में ट्रक चालकों ने बताया कि चावल छाता के शेरगढ़ रोड स्थित एलायंस कंपनी से लोड किया गया था। हालांकि, इतनी बड़ी मात्रा में चावल कहां भेजा जा रहा था और इसका अंतिम गंतव्य क्या था, इसकी जांच जारी है।
प्रशासन ने दोनों ट्रक चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है और यदि अनियमितता या अवैध परिवहन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, जिसमें अवैध परिवहन और संभावित कालाबाजारी की आशंका भी शामिल है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)