भोपाल में 20 लाख की लूट का खुलासा, डॉक्टर की ‘महिला मित्र’ निकली मास्टरमाइंड
भोपाल में एक डॉक्टर के साथ हुई 11 तोले सोने के कड़े की लूट ने शहर में सनसनी फैला दी, लेकिन जब पुलिस ने इस वारदात की गुत्थी सुलझाई तो मास्टमाइंड के रूप में डॉक्टर की 'महिला मित्र' का चेहरा सामने आया।
भोपाल(आरएनआई)बीते शुक्रवार डॉक्टर मनोज शर्मा जब अपनी साइकिलिंग पर निकले थे, तभी तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें टक्कर मारकर गिरा दिया और आंखों में मिर्च झोंककर उनका करीब 20 लाख रुपये की कीमत का सोने का कड़ा छीनकर फरार हो गए। इस हमले में डॉक्टर का पैर भी फ्रैक्चर हो गया। क्राइम ब्रांच और साइबर टीम ने जब जांच की कड़ियां जोड़ीं, तो मामला पूरी तरह फिल्मी निकला।
पुलिस कमिश्नर संजय सिंह के मुताबिक, इस पूरी साजिश की रचनाकार आलिया खान है, जो खुद को समाजसेविका बताती है और एक एनजीओ (NGO) चलाती है। आलिया ने कुछ समय पहले ही सैर-सपाटे के बहाने डॉक्टर से दोस्ती बढ़ाई थी और उसकी नजर हमेशा डॉक्टर के कीमती कड़े पर रहती थी। उसने बड़ी चालाकी से डॉक्टर के आने-जाने के वक्त और रास्ते की रेकी की और वारदात को अंजाम देने के लिए खास तौर पर उत्तर प्रदेश के मेरठ और एटा से पेशेवर बदमाशों को भोपाल बुलाया।
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आलिया ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि कैसे उसने दोस्ती का ढोंग कर डॉक्टर का भरोसा जीता और फिर लुटेरों के साथ मिलकर इस हिंसक वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने आलिया सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और लूट का माल बरामद करने की कोशिश जारी है। समाज सेवा की आड़ में रची गई इस साजिश ने दोस्ती के रिश्तों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)