ब्रज परिक्रमा में श्रद्धालुओं को बांटी गईं एक्सपायरी दवाएं, जांच प्रक्रिया पर उठे सवाल
ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के दौरान तारसी गांव में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में श्रद्धालुओं को कथित रूप से एक्सपायरी दवाएं वितरित किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन तो कर दिया, लेकिन कई दिन बीतने के बावजूद जांच समिति को न तो लिखित आदेश सौंपे गए हैं और न ही आवश्यक दस्तावेज व साक्ष्य उपलब्ध कराए गए हैं। इससे जांच की पारदर्शिता और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह स्वास्थ्य शिविर राल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से आयोजित किया गया था, जहां परिक्रमा में शामिल श्रद्धालुओं को दवाएं वितरित की गई थीं। शिकायत सामने आने के बाद विभाग ने मामले की जांच के आदेश दिए, लेकिन जांच प्रक्रिया में हो रही देरी और औपचारिकताओं के अभाव को लेकर लीपापोती के आरोप लगाए जा रहे हैं।
जांच समिति यह पता लगाएगी कि एक्सपायरी दवाएं स्वास्थ्य शिविर तक कैसे पहुंचीं। इसके तहत यह भी जांच होगी कि दवाएं वेयरहाउस से ही एक्सपायरी अवस्था में भेजी गई थीं, स्टोर में रखे-रखे उनकी वैधता समाप्त हुई या वितरण प्रक्रिया के दौरान किसी स्तर पर लापरवाही हुई। साथ ही संबंधित स्वास्थ्य केंद्र में दवाओं के भंडारण, स्टॉक प्रबंधन और वितरण व्यवस्था की भी विस्तृत जांच की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)