बेंगलुरु में लैंबॉर्गिनी स्टंट केस: रिकी राय तलब, पुलिस ने कार जब्त कर दर्ज की FIR
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सड़कों पर खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में लग्जरी Lamborghini कार से बीच सड़क पर खतरनाक ड्रिफ्टिंग और स्टंट करते हुए देखा गया, जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई।
इस मामले में पुलिस ने पूर्व अंडरवर्ल्ड डॉन मुथप्पा राय के बेटे रिकी राय को तलब किया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई लग्जरी कार को जब्त कर लिया गया है और लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।
घटना शनिवार तड़के करीब 2 से 3 बजे के बीच अनिल कुंबले सर्कल इलाके की बताई जा रही है। वीडियो में कार को तेज रफ्तार में गोल-गोल घुमाते और रिवर्स में खतरनाक तरीके से चलाते देखा गया, जिससे आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो सकता था।
मामले की जांच कर रही कब्बन पार्क ट्रैफिक पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिनसे यह पुष्टि हुई है कि कार रिकी राय के नाम पर रजिस्टर्ड है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि स्टंट के समय कार खुद रिकी चला रहे थे या कोई और व्यक्ति।
ट्रैफिक पुलिस के डीसीपी साहिल बागला ने कहा कि इस तरह की हरकतें पूरी तरह गैरकानूनी हैं और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा हैं। पुलिस ने संकेत दिया है कि वाहन का रजिस्ट्रेशन रद्द करने की सिफारिश भी की जा सकती है।
गौरतलब है कि रिकी राय के पिता मुथप्पा राय 1980 और 90 के दशक में बेंगलुरु के अंडरवर्ल्ड का बड़ा नाम रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)