बूढ़े बाला जी मंदिर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया भूमि पूजन, जल–सड़क–खेल–धार्मिक विकास की दी रूपरेखा
गुना शहर को मिलेगा 45 करोड़ की लागत से ‘नल-जल’ का तोहफा, 4 माह में मंदिर तक जाने वाली सड़क का निर्माण होगा पूरा।
गुना (आरएनआई) गुना के टेकरी रोड स्थित बूढ़े बाला जी मंदिर में केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज पूजा-अर्चना कर मंदिर परिसर में पौधारोपण किया और 3.8 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले नव निर्मित टेकरी रोड का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया।
बूढ़े बाला जी सरकार से है आत्मीय जुड़ाव: सिंधिया
उक्त अवसर पर अपने संबोधन में सिंधिया ने भावुक होकर कहा कि बूढ़े बाला जी सरकार से मेरे परिवार का वर्षों पुराना आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में नवनिर्माण कार्य आज से आरंभ हो रहा है, और वर्षा ऋतु के बाद मंदिर तक जाने वाली सड़क का निर्माण भी पूर्ण गति से शुरू कर दिया जाएगा, जो आगामी 4 माह में पूर्ण हो जाएगा।
मंदिर विकास के साथ-साथ क्षेत्रीय प्रगति का भी रोडमैप तैयार: सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मंदिर में द्वार का निर्माण, मंदिर सड़क मार्ग का सुदृढ़ीकरण और 9 करोड़ की लागत से रिंग रोड का प्रस्ताव तैयार किया जा चुका है, जिस पर शीघ्र कार्य शुरू होगा। उन्होंने घोषणा की कि जल्द जिले के समस्त प्राचीन मंदिरों का शीघ्र जीर्णोद्धार किया जाएगा।
गुना शहर को मिलेगा 45 करोड़ की लागत से ‘नल-जल’ का तोहफा
सिंधिया ने बताया कि गुना को शीघ्र ही ₹45 करोड़ की नल-जल योजना मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 2035 तक हमारे पास केवल 7 MCM पानी का अधिकार था, जो इस योजना के लिए अपर्याप्त था। उन्होंने कहा कि मैंने केंद्र सरकार से बात कर 2050 तक की आवश्यकताओं को देखते हुए 10 MCM का जल अधिकार आज ही स्वीकृत करवा दिया है।
5,000 करोड़ की लागत से ग्वालियर से देवास तक का राष्ट्रीय राजमार्ग
सिंधिया ने क्षेत्र के सड़क विकास की जानकारी देते हुए बताया कि ग्वालियर से देवास तक 450 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग को 2 लेन से 5 लेन में परिवर्तित किया गया है, जिस पर 5,000 करोड़ रुपये की लागत आई है। उन्होंने कहा कि इससे शिवपुरी से लेकर इंदौर जाने वालों को सुगम और जाममुक्त यात्रा का अनुभव मिल रहा होगा।
साथ ही उन्होंने कहा कि फतेहगढ़ क्षेत्र में बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से वहाँ एक ROB (रेलवे ओवरब्रिज) की मांग की थी, जिसकी DPR तैयार हो रही है।
किसानों को लेकर केंद्रीय मंत्री ने दिया विशेष संदेश
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने आज किसानों के लिए कहा कि ‘मैंने हर फसल की बुआई के समय यह सुनिश्चित किया कि हर जिले में पर्याप्त खाद पहुंचे। इसके लिए एक विशेष टीम बनाई गई है, ताकि हमारे अन्नदाताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



