बुलंदशहर में कावड़ यात्रा के दौरान हंगामा: महिला श्रद्धालुओं से अभद्रता का आरोप, वीडियो वायरल
बुलंदशहर (आरएनआई) स्याना क्षेत्र के गांव माकड़ी में कावड़ यात्रा के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब हरिद्वार से गंगाजल लेने जा रही महिला कावड़ियों के साथ अभद्रता का मामला सामने आया। आरोप है कि गांव के दो दबंगों ने श्रद्धालुओं का रास्ता रोककर न सिर्फ उनका डीजे बंद कराया, बल्कि गाली-गलौज और मारपीट भी की। इस घटना से कावड़ियों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला कावड़िए डीजे बजाते हुए यात्रा पर निकली थीं, तभी संदीप त्यागी और डब्बू त्यागी नाम के दो लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने कावड़ियों के साथ दुर्व्यवहार किया और विरोध करने पर हाथापाई भी की। घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कावड़ियों ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया, हालांकि कुछ घंटों बाद उन्हें छोड़े जाने की खबर सामने आई, जिसको लेकर स्थानीय लोगों और कावड़ियों में नाराजगी है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का कहना है कि कावड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजन के दौरान इस तरह की घटनाएं आस्था को ठेस पहुंचाती हैं। लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)