दिल्ली में मेट्रो का बड़ा विस्तार: फेज-5(ए) के तहत तीन नए कॉरिडोर को मंजूरी, 13 नए स्टेशन बनेंगे
नई दिल्ली (आरएनआई) दिल्ली सरकार ने राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में मेट्रो फेज-5(ए) के तहत तीन नए मेट्रो कॉरिडोर को स्वीकृति दे दी गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 12,014 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इसके वर्ष 2028 तक पूरा होने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से न सिर्फ सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा, बल्कि प्रदूषण घटेगा और राजधानी की हवा भी साफ होगी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के ‘7-सी विजन’ — साझा, सुलभ, सुविधाजनक, जाम-मुक्त, ऊर्जावान, स्वच्छ और अत्याधुनिक परिवहन — को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम बताया। साथ ही कहा कि नेट-जीरो उत्सर्जन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था जरूरी है और यह परियोजना उसी दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
इस परियोजना के तहत कुल 16 किलोमीटर लंबाई के तीन नए कॉरिडोर बनाए जाएंगे, जिनमें 13 मेट्रो स्टेशन शामिल होंगे। इनमें 10 स्टेशन भूमिगत और तीन एलिवेटेड होंगे। यह विस्तार मौजूदा मेट्रो नेटवर्क के साथ निर्बाध इंटरचेंज की सुविधा देगा और हवाई अड्डे, वाणिज्यिक केंद्रों तथा आवासीय क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाएगा।
आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक प्रस्तावित पहला कॉरिडोर फेज-5(ए) का सबसे प्रमुख हिस्सा है। यह सेंट्रल विस्टा क्षेत्र से होकर गुजरेगा और दिल्ली के प्रशासनिक, सांस्कृतिक व ऐतिहासिक केंद्रों को सीधे मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगा। इससे प्रतिदिन हजारों सरकारी कर्मचारियों और लाखों यात्रियों को सुविधा मिलेगी, साथ ही ईंधन की खपत और प्रदूषण में भी कमी आएगी।
दूसरा कॉरिडोर एयरोसिटी से इंदिरा गांधी घरेलू हवाई अड्डा टर्मिनल-1 तक बनाया जाएगा, जिससे हवाई यात्रियों को मेट्रो के जरिए सीधी और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे निजी वाहनों और टैक्सियों पर निर्भरता घटेगी और एयरपोर्ट क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
तीसरा कॉरिडोर तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज के बीच विकसित किया जाएगा, जिससे दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के बड़े हिस्से को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जा सकेगा। यह कॉरिडोर घनी आबादी वाले इलाकों के लिए राहत साबित होगा और रोजमर्रा की आवाजाही को आसान बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेट्रो विस्तार दिल्ली के भविष्य में किया गया निवेश है, जो न केवल यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएगा बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लक्ष्यों को भी मजबूती देगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)