बिहार विधानसभा चुनाव 2025: दूसरे चरण में 14.55 फीसदी मतदान, कुछ बूथों पर वोट बहिष्कार

Nov 11, 2025 - 11:21
 0  135
बिहार विधानसभा चुनाव 2025: दूसरे चरण में 14.55 फीसदी मतदान, कुछ बूथों पर वोट बहिष्कार

पटना (आरएनआई): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के तहत सोमवार को 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह नौ बजे तक राज्य में औसतन 14.55 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर ईवीएम खराब होने से मतदान में थोड़ी देर हुई, लेकिन उसके बाद मतदान सामान्य रूप से चलता रहा।

सबसे अधिक मतदान गया जिले में हुआ, जहां मतदाताओं में भारी उत्साह देखा गया। लोकतंत्र की ताकत और जागरूकता की मिसाल पेश करते हुए गया जिले के बेलागंज विधानसभा क्षेत्र के कुरी सराय गांव में 25 वर्षीय सोनी कुमारी ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। उन्होंने बीती रात ही सरकारी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन लोकतांत्रिक अधिकार निभाने के जज़्बे के साथ वह सुबह एंबुलेंस से अपने नवजात शिशु को लेकर मतदान केंद्र पहुंचीं और मतदान किया।

इस चरण के चुनाव में कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। इनमें पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, मंत्री विजेंद्र यादव, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, रालोसोपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता, कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान और भाकपा माले के विधायक दल के नेता महबूब आलम शामिल हैं।

दूसरी ओर, कुछ इलाकों में मतदाताओं ने वोट बहिष्कार का रास्ता अपनाया। रोहतास जिले के करगहर विधानसभा क्षेत्र के अखोड़ी पंचायत के लड्डूई बिशनपुरा गांव में बूथ संख्या 175 और 176 पर लोगों ने मतदान नहीं किया। इसी तरह औरंगाबाद विधानसभा क्षेत्र के तेंदुआ गांव के बूथ संख्या 54 पर भी मतदाताओं ने वोट बहिष्कार किया। ग्रामीणों का कहना है कि वे अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन को पहले ही अवगत करा चुके थे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

इसी बीच कटिहार में मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिरसा अनुसूचित जाति मतदान केंद्र पर पूर्व राज्यसभा सांसद अहमद अशफाक करीम और उनकी धर्मपत्नी ने पहुंचकर मतदान किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह नौ बजे तक पश्चिम चंपारण में 15.04%, पूर्वी चंपारण में 14.11%, शिवहर में 13.94%, सीतामढ़ी में 13.49%, मधुबनी में 13.25%, सुपौल में 14.85%, अररिया में 15.34%, किशनगंज में 15.81%, पूर्णिया में 15.54%, कटिहार में 13.77%, भागलपुर में 13.43%, बांका में 15.14%, कैमूर (भभुआ) में 15.08%, रोहतास में 14.16%, अरवल में 14.95%, जहानाबाद में 13.81%, औरंगाबाद में 15.43%, गया में 15.97%, नवादा में 13.46% और जमुई में 15.77% मतदान हुआ है।

बिहार में दूसरे चरण की वोटिंग शांतिपूर्ण माहौल में जारी है, और निर्वाचन आयोग लगातार मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.