मुंगावली: बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने सुनी पीड़ितों की व्यथा, राहत सामग्री की कमी पर जताई नाराज़गी
मुंगावली (आरएनआई)। अशोकनगर जिले की बहादुरपुर तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का शुक्रवार को पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने दौरा किया। उन्होंने सबसे पहले करीला धाम पहुंचकर माता जानकी के दर्शन किए और क्षेत्र व प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे बरखेड़ा जमाल, गोरा और बहादुरपुर सहित कई गांवों में पहुंचे और आदिवासी बस्तियों तथा बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।
ग्रामीणों ने पूर्व सांसद से कहा कि हर साल बाढ़ की मार झेलनी पड़ती है, लेकिन अब तक न तो पटवारी और न ही तहसीलदार हाल जानने पहुंचे। राहत सामग्री और मुआवजे की राशि भी सही तरीके से बंटवारे तक नहीं पहुंची है। कई परिवारों का कहना था कि उनके घरों और फसलों को भारी नुकसान हुआ है, फिर भी उन्हें मुआवजा नहीं मिला। वहीं जिन क्षेत्रों में पानी नहीं भरा, वहां के लोगों को राहत सामग्री बांट दी गई।
इस पर पूर्व सांसद ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावितों के साथ भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सही सर्वे कर नुकसान की भरपाई करने की मांग की। साथ ही व्यापारी वर्ग और उद्योगपतियों से भी मदद के लिए आगे आने की अपील की।
लक्ष्मण सिंह ने कहा—“बाढ़ प्रभावित परिवारों की तकलीफ कम करने के लिए शासन-प्रशासन को गंभीरता से काम करना चाहिए, ताकि वास्तविक पीड़ितों तक राहत पहुंच सके।”
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



