बंगलूरू सेंट्रल जेल में कैदियों की 'पार्टी' का वीडियो वायरल, सरकार सख्त
बंगलूरू (आरएनआई) – कर्नाटक की बंगलूरू सेंट्रल जेल एक बार फिर विवादों में है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए नए वीडियो ने जेल प्रशासन की पोल खोल दी है। वीडियो में कैदी शराब पीते, नाचते-गाते और कटे हुए फलों के साथ पार्टी करते नजर आ रहे हैं। कैदियों के हाथों में डिस्पोजेबल गिलास, मेज पर रखे तले मूंगफली और फल, और पृष्ठभूमि में बजते बर्तनों की आवाज़ इस बात की गवाही दे रही है कि यह कोई आम दिन नहीं था — बल्कि जेल के भीतर ही एक जश्न का माहौल था।
वीडियो देखकर यह कहना मुश्किल है कि ये कैदी अपनी सज़ा काट रहे हैं या किसी ‘क्लब पार्टी’ में शामिल हैं। कई कैदियों के पास महंगे मोबाइल फोन और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं भी दिखाई दीं।
यह पहली बार नहीं है जब बंगलूरू सेंट्रल जेल सुर्खियों में आई है। हाल ही में एक और वीडियो सामने आया था, जिसमें आईएस का एक खूंखार आतंकी जेल के अंदर मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए दिखाई दिया था।
इस नए खुलासे के बाद राज्य सरकार हरकत में आ गई है।
गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने मामले पर गंभीरता जताते हुए कहा— “मैंने एडीजीपी (जेल) बी. दयानंद से इस घटना की पूरी रिपोर्ट मांगी है। अगर रिपोर्ट संतोषजनक नहीं पाई गई, तो हम अलग समिति से जांच कराएंगे। मैं ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करूंगा। जेल में इस तरह की गतिविधियां अस्वीकार्य हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि जेल प्रशासन अक्सर स्टाफ की कमी का हवाला देता है, लेकिन मौजूदा स्टाफ को अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभानी चाहिए। “अगर कैदियों के पास टीवी, मोबाइल और शराब जैसी सुविधाएं हैं, तो इसे जेल नहीं कहा जा सकता,” गृह मंत्री ने कहा।
सरकार ने जेल में सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
वीडियो के वायरल होने के बाद राज्यभर में जेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। आम लोगों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि जब सजा काटने वाले अपराधी जेल के अंदर इतना ऐशोआराम कर सकते हैं, तो कानून का भय आखिर किसके लिए है?
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



