पीलीभीत में युवक को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल; घटना के बाद से लापता

Saturday, March 28, 2026 - 12:02
0
पीलीभीत में युवक को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल; घटना के बाद से लापता

पीलीभीत (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बरखेड़ा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद से युवक लापता है, जिससे परिजनों में दहशत और चिंता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव पौटा कला निवासी 22 वर्षीय आरिफ 24 मार्च की शाम घर से दौड़ लगाने के लिए निकला था। वह गांव खमरिया के रास्ते स्टेशन की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि करीब 10 से 12 लोगों ने उसे बीच सड़क पर खंभे से रस्सी के सहारे बांध दिया और लात-घूंसों व डंडों से जमकर पिटाई की।

पीड़ित के पिता शफीक शाह के मुताबिक, आरोपियों ने आरिफ को अधमरी हालत में जबरन बाइक पर बैठाया और अपने साथ ले गए। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उन्होंने बताया कि पूरी घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है।

परिजनों ने शुक्रवार रात करीब 11 बजे बरखेड़ा थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है और पुलिस से बेटे की जल्द बरामदगी की गुहार लगाई है। परिवार का कहना है कि उन्हें अभी तक यह भी नहीं पता कि आरोपियों ने इस तरह की बर्बरता क्यों की।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक की तलाश तेज कर दी है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कही है। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User