संयुक्‍त मुख्‍य निर्वाचन पदाधिकारी मनोज खत्री ने शासकीय पी.जी. कॉलेज गुना स्थित स्‍ट्रांग रूम एवं मतगणना स्‍थल का किया निरीक्षण

Saturday, May 18, 2024 - 20:03
Updated: 2 years ago
0
संयुक्‍त मुख्‍य निर्वाचन पदाधिकारी मनोज खत्री ने शासकीय पी.जी. कॉलेज गुना स्थित स्‍ट्रांग रूम एवं मतगणना स्‍थल का किया निरीक्षण

गुना (आरएनआई) लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिए संसदीय निर्वाचन क्षेत्र गुना एवं राजगढ़  की चारों विधानसभाओं की मतगणना 04 जून 2024 को शासकीय पी.जी. कॉलेज गुना में की जायेगी। इसी क्रम में आज संयुक्‍त मुख्‍य निर्वाचन पदाधिकारी मध्‍यप्रदेश भोपाल  मनोज खत्री ने शासकीय पी.जी. कॉलेज गुना में बनाये गये स्‍ट्रांग रूम एवं मतगणना स्‍थल का अवलोकन कर सुरक्षा व्‍यवस्‍था एवं मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती जिया फातिमा, सहायक रिटर्निग ऑफिसर गुना रवि मालवीय, सहायक रिटर्निग ऑफिसर बमोरी श्रीमति शिवानी पाण्डे, सहायक रिटर्निग ऑफिसर चांचौड़ा विकास कुमार आनंद, सहायक संचालक जनसंपर्क सुश्री सोनिया परिहार सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

ज्ञात है कि लोकसभा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 04-गुना की विधानसभा 28-बमोरी, 29-गुना एवं लोकसभा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 20-राजगढ़ की विधानसभा 30-चांचौड़ा, 31-राघौगढ़ के स्‍ट्रांग रूम पी.जी. कॉलेज गुना में स्थित हैं। ईव्‍हीएम मशीन पूर्णं सुरक्षा के साथ स्‍ट्रांग रूम में थ्री लेयर सुरक्षा के साथ रखी गई हैं। स्‍ट्रांग रूम के बाहर कैमरों के माध्‍यम से राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा स्‍ट्रांग रूम की निगरानी की जा रही है। संयुक्‍त मुख्‍य निर्वाचन पदाधिकारी श्री खत्री द्वारा स्‍ट्रांग रूम की सुरक्षा व्‍यवस्‍थाओं का जायजा लिया गया। उन्‍होंने निर्देशित किया कि स्‍ट्रांग रूम के बाहर सभी महत्‍वपूर्ण नंबरों की सूची चस्‍पा की जावे। स्‍ट्रांग रूम की विद्युत व्‍यवस्‍था सुचारू रूप से अनवरत बनी रहे, इस ओर विशेष ध्‍यान दिया जावे। इस दौरान उन्‍होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्‍होंने पूछा कि उन्‍हें किसी प्रकार की समस्‍या तो नही है, इस पर उन्‍होंने बताया कि कोई समस्‍या नही है। मॉनिटरिंग का कार्य निरंतर सुचारू रूप से किया जा रहा है।  

संयुक्‍त मुख्‍य निर्वाचन पदाधिकारी श्री खत्री ने विधानसभा क्षेत्रवार बनाये गये मतगणना कक्षों का निरीक्षण किया एवं अधिकारियों को आवश्‍यक निर्देश दिये। उन्‍होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना की संपूर्ण व्‍यवस्‍थाएं की जाएं। उन्‍होंने अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग को मतगणना के लिए बेहतर व्‍यवस्‍था करने के निर्देश दिये।

समस्‍त सहायक रिटर्निंग ऑफिसर को निर्देशित किया कि मतगणना दिनांक एवं समय की सूचना अभ्‍यर्थियों को समय सीमा में देना सुनिश्चित करें। उन्‍होंने कहा कि अभ्‍यर्थियों के एजेंट्स द्वारा मतगणना के दिशा-निर्देशों से भलीभांति अवगत कराया जाये। मतगणना ड्यूटी में संलग्‍न कर्मचारियों के रेण्‍डमाईजेशन की कार्यवाही समय सीमा में पूर्ण करें साथ ही माईक्रो आब्‍जर्वर/ मतगणना सुपरवाईजर/ मतगणना सहायक को प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान किया जाये। मतगणना स्‍थल पर पेयजल एवं साफ-सफाई के पुख्‍ता इंतजाम किये जाएं। निरीक्षण के दौरान उन्‍होंने मतगणना ड्यूटी में संलग्‍न अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अभ्‍यर्थियों के एजेंट्स के आवागमन हेतु बनाये गये रूट, मतगणना हॉल, मीडियाजनों के लिए बैठक व्‍यवस्‍था, स्‍ट्रांग रूम, सीसीटीव्‍ही कैमरे, बेरिकैटिंग, दूरभाष, नेटवर्किंग आदि की तैयारियों का जायजा लिया एवं आवश्‍यक निर्देश दिये।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User