पाकिस्तान में बड़ा ट्रेन हादसा: तेजगाम एक्सप्रेस की 5 बोगियां पटरी से उतरीं, 26 यात्री घायल
इस्लामाबाद (आरएनआई)। पाकिस्तान में एक बड़ा रेल हादसा सामने आया है, जहां लाहौर से कराची जा रही तेजगाम एक्सप्रेस की पांच बोगियां पटरी से उतर गईं। यह दुर्घटना बहावलपुर-लोधरां सेक्शन के बीच आदम वाहन रेलवे स्टेशन के पास हुई, जिसमें 26 यात्री घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। अंधेरे के बीच बचाव कार्य शुरू किया गया। कई यात्री पलटी हुई बोगियों में फंसे हुए थे, जिन्हें पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने खिड़कियां और दरवाजे काटकर सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अब तक किसी की मौत की खबर नहीं है।
रेस्क्यू 1122 के अधिकारियों के मुताबिक, 26 घायलों में से 17 को मौके पर ही प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई, जबकि एक महिला सहित नौ गंभीर घायलों को लोधरां जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक यात्री की हालत नाजुक बनी हुई है। अस्पताल प्रशासन ने आपात स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त बेड की व्यवस्था भी की है।
हादसे के कारणों को लेकर फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है, हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि ट्रेन के डिब्बों को जोड़ने वाला कपलर टूटने से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई, जिससे इंजन के साथ जुड़े पांच डिब्बे पटरी से उतरकर पलट गए।
दुर्घटना के बाद मुख्य रेलवे ट्रैक पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। समसट्टा रेलवे जंक्शन से एक राहत ट्रेन मौके पर भेजी गई है, ताकि ट्रैक को जल्द से जल्द साफ कर सेवाएं बहाल की जा सकें। रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)