नेशनल हेराल्ड पर गरमाई सियासत, खरगे बोले- जो गलत नहीं, उसे गलत साबित किया जा रहा है

ईडी द्वारा राहुल-सोनिया के अलावा कुछ अन्य कांग्रेस नेताओं पर नेशनल हेराल्ड मामले में आरोप-प्रत्र दाखिल करने के मामले में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि  यह मामला बेबुनियाद है और केवल राजनीतिक बदले की भावना से उठाया गया है। कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी और सच सामने लाएगी। 

Wednesday, April 16, 2025 - 19:12
0
नेशनल हेराल्ड पर गरमाई सियासत, खरगे बोले- जो गलत नहीं, उसे गलत साबित किया जा रहा है

नई दिल्ली (आरएनआई) नेशनल हेराल्ड मामले में कुछ कांग्रेस नेताओं के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा आरोप पत्र दाखिल करने के बाद देशभर की सियासत में गर्माहट है। आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति भी सातवें आसमान पर पहुंच चुकी है। इसी बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी का बचाव किया। उन्होंने कहा कि यह मामला बेबुनियाद है और केवल राजनीतिक बदले की भावना से उठाया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कुछ भी नहीं है। भाजपा कानून का दुरुपयोग कर रही जो गलत है।

कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इस केस में कुछ भी गलत नहीं है। अखबार कुछ समय के लिए वित्तीय कारणों से बंद हो गया था। सोनिया गांधी ने उसे ऋण और दान के जरिए दोबारा शुरू करने की कोशिश की। अब भाजपा कहती है कि ऋण लेना भी गलत है। उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा कानून का गलत इस्तेमाल कर रही है। जो गलत नहीं है, उसे गलत साबित करने की कोशिश की जा रही है। खरगे ने कहा कि हम देशभर में इस अन्याय के खिलाफ विरोध करेंगे और लोगों को सच बताएंगे।

खरगे ने आगे कहा कि हमने एक संगठन से दूसरे संगठन को चलाने के लिए पैसे उधार लिए, इसमें क्या गलत है? उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू द्वारा शुरू किया गया 'नेशनल हेराल्ड' अखबार तब बंद हो गया जब हम सत्ता से बाहर हो गए। हमने उसे फिर से शुरू करने की कोशिश की। साथ ही खरगे ने कहा कि अब भाजपा अपने संगठनों का लगातार विस्तार कर रही है। हमें ये जानना है कि पिछले 8-9 सालों में उनके पास इतना पैसा कहां से आया?

इसके साथ ही गुरुग्राम जमीन घोटाले के मामले में व्यवसायी रॉबर्ट वाड्रा से ईडी की पूछताछ पर भी मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह उनका निजी मामला है। वह जवाब देने में सक्षम हैं। पार्टी का इसमें कोई दखल नहीं है। इस पूरे मामले में कांग्रेस पार्टी का कहना है कि ईडी की कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की जा रही है, और इसे जनता के बीच सच्चाई के रूप में रखा जाएगा।

कांग्रेस नेता और वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की चार्जशीट पर कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया। उन्होंने कहा कि यह जो कुछ भी हो रहा है, वो सिर्फ एक कानूनी दिखावे  के पीछे राजनीतिक बदला है। इसका कानून से कोई असली लेना-देना नहीं है। सिंघवी ने कहा कि हम ईडी से यह पूछना चाहते हैं कि अब तक भाजपा या एनडीए के किसी नेता या सहयोगी के खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या ईडी सिर्फ विपक्षी नेताओं पर ही कार्रवाई करेगी? 

नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी ने सोनिया और राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कुछ नेताओं पर 2000 करोड़ रुपये की संपत्ति हड़पने के लिए आपराधिक साजिश रचने का आरोप लगाया है। ईडी ने इस मामले में दायर अपने आरोपपत्र में सोनिया गांधी को आरोपी नंबर एक बनाया है, जबकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आरोपी नंबर दो बनाया है। इन दोनों के अलावा कांग्रेस नेता सुमन दुबे और सैम पित्रोदा, दो कंपनियों यंग इंडियन और डोटेक्स मर्केंडाइज प्रा. लि. और डोटेक्स से जुड़े सुनील भंडारी को भी आरोपी बनाया गया है, जिसके विरोध में कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रही है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User