नामांतरण के बदले रिश्वत का आरोप, किसान की फसल उजाड़ने का दावा; मामला गरमाया
बमोरी (आरएनआई) बमोरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नायब तहसीलदार म्याना हरिओम पचौरी पर एक किसान से नामांतरण के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। किसान अनूप धाकड़ का आरोप है कि जब उसने रिश्वत देने से इनकार किया तो उसका नामांतरण नहीं किया गया और दबाव बनाने के लिए उसकी खड़ी फसल तक उजाड़ दी गई।
मामले को लेकर किसान अनूप धाकड़ ने शपथपत्र के साथ विधायक ऋषि अग्रवाल और मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी है। विधायक ऋषि अग्रवाल ने इस पूरे प्रकरण को बेहद संगीन बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह प्रशासनिक व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उधर, सूत्रों के अनुसार इस मामले में कलेक्टर कन्याल का कहना है कि फिलहाल उनके पास कोई औपचारिक शिकायत नहीं आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे ही शिकायत प्राप्त होगी, मामले की जांच कराई जाएगी।
इस घटना के बाद एक बार फिर राजस्व विभाग में कथित रिश्वतखोरी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। किसानों का कहना है कि छोटे-छोटे राजस्व कार्यों के लिए भी उन्हें परेशान किया जाता है और अवैध मांगें की जाती हैं, जिससे उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ता है। मामला सामने आने के बाद प्रशासन की भूमिका और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)