नशा करने वालों पर फूटा कैलाश विजयवर्गीय का गुस्सा, कहा- ‘उल्टा लटका देना चाहिए’, पुलिस को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

Thursday, September 26, 2024 - 16:44
Updated: 2 years ago
0
नशा करने वालों पर फूटा कैलाश विजयवर्गीय का गुस्सा, कहा- ‘उल्टा लटका देना चाहिए’, पुलिस को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

इंदौर (आरएनआई) कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पुलिस को नशे का कारोबार करने वालों के ख़िलाफ़ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इंदौर में एक कार्यक्रम में उन्होंने ऐसे लोगों के प्रति गुस्सा ज़ाहिर करते हुए कहा कि ‘नशा करने वालों को उल्टा लटका देना चाहिए।’ इसी के साथ उन्होंने शहर में कम कपड़े पहनकर घूमने वाली युवती का उदाहरण देते हुए कहा कि ‘मां अहिल्या की नगरी इंदौर को हम बिगड़ने नहीं देंगे।’

बीजेपी की सदस्यता अभियान के तहत एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर की संस्कृति को कोई ख़राब करने की कोशिश करेगा तो उसे हर हाल में रोका जाएगा। इसी के साथ उन्होंने बच्चियों के साथ होने वाले दुराचार की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए ऐसी विकृति को धार्मिक गतिविधियों से ही रोका जा सकता है।

पुलिस को दिए नशा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
कैलाश विजयवर्गीय ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘आजकल के बच्चे नशे के चक्कर में बहुत बिगड़ रहे हैं और मैं नशे का बड़ा विरोधी हूं। आपके निवेदन करना चाहता हूं नशे से दूर रहें। मैंने पुलिस से भी नाराजगी प्रकट की थी, ध्यान रखें सब..नशा करने वालों को उल्टा लटका देना। क्योंकि इससे सबसे ज्यादा परेशान हमारी माताएं बहनें होती हैं। नशा करने के बाद लोग और बेटियों को छेड़ते हैं। अभी हमने कन्या पूजन किया था। मेरा तो दिल पसीज जाता है कभी कभी। कितना मनुष्य गिर गया है। जो छोटी बेटियों के साथ इस प्रकार के कृत्य करे उनपर इतना गुस्सा आता है कि लगता है उनका गला दबा देना चाहिए।’

‘इंदौर को बिगड़ने नहीं देंगे’
बीजेपी नेता ने कहा कि आज के समय में समाज में बहुत विकृति आ रही हैं। उन्होंने कहा कि ‘इस विकृति को बचा सकती है धार्मिक गतिविधियां। अभी नवरात्रि आ रही है..आप अपनी मोहल्ले की सारी बेटियों का कन्यापूजन करो। उनको श्रद्धा की दृष्टि से देखो। भारत में बेटियों को माताओं को बहनों को देवीस्वरूप माना है। कल मेरे पास कुछ महिलाएं आईं..बोलीं ‘एक बेटी बहुत कम कपड़े पहनकर घूम रही है। शहर की बदनामी हो रही है’। मैंने अधिकारियों से बात की..मैंने कहा इंदौर में ऐसा नहीं चलेगा कि कोई भी कैसे भी कपड़े पहनकर निकल जाए। एकदम छोटे-छोटे कपड़े पहनकर बाज़ार में घूम रही हैं। ये शहर माता अहिल्या की नगरी है..यहां महिलाओं की मर्यादा भंग होते कोई नहीं देख सकता। उस बेटी ने बाद में माफी भी मांगी। इस प्रकार इंदौर को हम बिगड़ने नहीं देंगे। हम सब मिलकर यहां की बच्चियों का भविष्य बनाएंगे। यहां के बच्चे बच्चियां अच्छा पढ़ें..उसके लिए काम करेंगे। जो गरीब बच्चे हैं और पढ़ने में तेज हैं उन्हें आकाश जी के पास भेजना..वो बच्चियों की फीस भी भरते हैं और उन्हें आगे भी बढ़ाते हैं। गरीब बच्चे शिक्षित हों यही हमारा प्रयास है। बीजेपी ने राममंदिर बनाया। ऐसी पार्टी के सब सदस्य बनना चाहिए और आप सब भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लें और हमारा सहयोग करें।’


Follow     RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User