नगरनिगम के प्रस्ताव पर भारी ये गांव, कल को गुना के विकास में बाधा न बन जाएं! 

Saturday, February 15, 2025 - 18:31
Updated: 2 years ago
0
नगरनिगम के प्रस्ताव पर भारी ये गांव, कल को गुना के विकास में बाधा न बन जाएं! 

गुना (आरएनआई) ये सिर्फ एक नक्शा नहीं है बल्कि गुना को नगरनिगम बनाने का यह प्रस्तावित प्लान है। इसे नगरीय प्रशासन विभाग में प्रस्तुत किया गया है। इस प्लान में बड़ी खामी है। यह प्लान सुधार योग्य है। इसमें कई गांवों को विभिन्न कारणों से शामिल नहीं किया गया है जबकि ये गांव प्रस्तावित नगरनिगम के प्लान में होना चाहिए थे। यदि ये गांव निगम में शामिल नहीं किए गए तो भविष्य में ये विकास में बाधा बनेंगे और विकास को विकलांग करेंगे।

इस प्लान में महुगढ़ा, मोतीपुरा, रानीगंज, चीलखेड़ा और शहर की सीमा से सटे हरिपुर, चक सिंघाड़ी गांवों को शामिल न करना बड़ी विसंगति है। ये गांव प्रस्तावित निगम क्षेत्र से सटे हुए हैं। इनकी दूरी शहर से मात्र 2.5 या 03 किमी है। जबकि इनके आसपास  इनसे दूर स्थित अन्य गांवों को निगम में शामिल करने का प्रस्ताव है। ऐसे में भविष्य में विकास की योजनाओं में ये गांव रोड़ा बनेंगे। निगम को अनेक कार्यों के लिए इन पर निर्भर रहना होगा। निगम क्षेत्र से जुड़े होने से ये ग्राम पंचायतें सुविधाएं और मजे तो निगम वाले लेना चाहेंगी लेकिन निगम की अधीन नहीं होंगी।

शहरी यानि नगरपालिका की सीमा से सटे कुछ गांवों को केवल इस कारण प्रस्तावित प्लान से अलग रखा गया है कि संबंधित ग्राम पंचायत ने निगम में शामिल होने के लिए सहमति नहीं दी है। इससे प्रतीत होता है कि गुना को नगरनिगम बनाकर किए जा सकने वाले विकास के एजेंडे में ग्राम पंचायत की राजनीति कहीं न कहीं बाधक है। और ये गांव निगम के प्रस्ताव पर भारी पड़ रहे हैं।

गुना नगरपालिका क्षेत्र को विस्तारित कर नगर निगम बनाने की घोषणा को 02 साल से अधिक समय हो चुका है। जनता से ज्यादा नेताओं को इसमें अलग अलग कारणों से रुचि ज्यादा है। कुछ नेता खुद को भावी महापौर मानकर चल रहे हैं। और विभिन् राजनैतिक आयोजनों में अपनी उपस्थिति गिनाने के लिए जमकर पैसा खर्च कर रहे हैं। जबकि कुछ का इंट्रेस्ट अपनी जमीन की कीमतें बढ़ाना है।

सभी के अपने अपने इंट्रेस्ट हैं, इंट्रेस्ट होना कोई बुराई भी नहीं है। लेकिन गुना के सर्वांगीण विकास के लिए पहली प्राथमिकता यह होना चाहिए कि नगर निगम के प्रस्तावित प्लान में शहर से सटे सभी गांवों को इस तरह जोड़ा जाए कि कल को नगरनिगम बनने पर जब विकास की योजनाएं धरातल पर उतारी जाएं तो आज किसी न किसी कारण से निगम में शामिल नहीं किए जा रहे गांव कल विकास में बाधा के टापू न बने।


Follow      RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User