नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में 3340 लाख का बजट पारित, कई अहम प्रस्तावों को मिली मंज़ूरी
खागा, फतेहपुर (आरएनआई) नगर पंचायत खागा के सभागार में बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत की चेयरमैन गीता सिंह ने की जबकि मुख्य अतिथि के रूप में खागा विधायक कृष्णा पासवान मौजूद रहीं। इसके अलावा सांसद प्रतिनिधि योगेन्द्र सिंह, अधिशासी अधिकारी देवहूती पांडेय व सभी वार्डों के सभासदों ने बैठक में सहभागिता की।
बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए कुल 3340 लाख रूपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बजट में नगर क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, अधोसंरचना विकास तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष बल दिया गया। बैठक में स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए नगर पंचायत परिशर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने का निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने, सफाई उपकरणों की खरीद तथा कचरा निस्तारण व्यवस्था को अत्याधुनिक बनाने के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसके अतिरिक्त बोर्ड मीटिंग हॉल में एयर कंडीशनर लगवाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिससे आने वाले समय में सभाओं के आयोजन अधिक सुगमता व सुविधा के साथ किए जा सकें। बैठक के दौरान कई सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं व आवश्यकताओं को भी प्रमुखता से उठाया, जिन पर संबंधित अधिकारियों ने शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया। विधायक कृष्णा पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप नगर के विकास में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। चेयरमैन गीता सिंह ने कहा कि पारित बजट नगर की तस्वीर बदलने वाला सिद्ध होगा और नगरवासियों को शीघ्र ही इसके परिणाम दिखाई देंगे।
इनसेट-
सभासदों ने सुरेंद्र को बनाया सदस्य अध्यक्ष
खागा, फतेहपुर। नगर पंचायत में बुधवार को लोकतंत्र का उत्सव देखने को मिला, जब सभी निर्वाचित सभासदों ने सर्वसम्मति से सुरेंद्र सिंह को अपना नया अध्यक्ष चुन लिया। यह चयन बिना किसी विरोध के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिसमें सभी सभासदों ने एकजुटता का परिचय देते हुए सुरेंद्र सिंह के नाम पर अपनी मोहर लगाई। सुरेंद्र सिंह ने सभासदों के इस विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया और नगर के समग्र विकास का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, स्वच्छता और जनहित उनके कार्यकाल की प्राथमिकताएं होंगी। स्थानीय नागरिकों में भी इस सर्वसम्मत चयन को लेकर उत्साह देखा गया। उनका मानना है कि सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में नगर पंचायत नई ऊंचाइयों को छुएगी। समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक और समर्थक भी उपस्थित रहे। इस एकता ने नगर पंचायत में बेहतर कार्यप्रणाली की उम्मीदें जगा दी हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X एअर
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



