दिवाली पर सरकार का गिफ्ट, रेहड़ी पटरी पर व्यवसाय करने वालों के लिए की ये घोषणा, सीएम डॉ मोहन यादव ने दी शुभकामनायें

Monday, October 28, 2024 - 23:51
Updated: 2 years ago
0
दिवाली पर सरकार का गिफ्ट, रेहड़ी पटरी पर व्यवसाय करने वालों के लिए की ये घोषणा, सीएम डॉ मोहन यादव ने दी शुभकामनायें

भोपाल (आरएनआई) मध्य प्रदेश सरकार ने छोटे फुटकर व्यवसायियों के लिए एक अच्छा फैसला लिया है, सरकार ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में कहीं भी छोत्र फुटकर व्यवसायियों से कोई भी बाजार शुल्क या अन्य स्थानीय टैक्स नहीं वसूला जायेगा, सरकार की मंशा है कि इन छोटे दुकानदारों के घर की दिवाली भी अच्छे से मने, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को दिवाली की शुभकामनायें दी हैं।

डॉ मोहन यादव सरकार ने दिवाली पर्व के अवसर पर रेहड़ी पटरी पर अस्थायी रूप से व्यवसाय करने वाले छोटे व्यवसायियों को स्थानीय सामग्री विक्रय करने पर लगने वाले बाजारी कर और शुल्क से छूट प्रदान की गई है। यह आदेश 29 अक्टूबर से 11 नवम्बर, 2024 (ग्यारस पर्व) तक प्रभावशील रहेगा। यह आदेश स्थानीय कौशल उस पर आधारित स्व-रोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लागू किया गया है। इस संबंध में नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने आज आदेश जारी किया है।

ये है इस छूट के पीछे का उद्देश्य 

बाजारी कर अथवा शुल्क से छूट का फायदा स्थानीय, ग्रामीण कारीगरों, गरीब महिलाओं द्वारा संचालित स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित मिट्टी एवं गोबर के दीपक, दीप-मालाएँ तथा धार्मिक प्रतीकों के विक्रय पर विशेष रूप से दिया जायेगा। इस संबंध में जिला कलेक्टर्स को विभाग ने दिशा-निर्देश दिये हैं। बाजारों में इस संबंध में लगने वाली दुकानों पर साफ-सफाई और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था किये जाने के लिये स्थानीय निकायों को निर्देशित किया गया है।

सीएम डॉ मोहन यादव ने दिए हैं निर्देश 

सीएम डॉ मोहन यादव ने X पर लिखा- दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए धनतेरस (29 अक्टूबर) से देवउठनी एकादशी (11 नवम्बर) तक सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था करने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि रेहड़ी पटरी पर अस्थाई रूप से विक्रय करने वाले छोटे व्यापारी, ग्रामीण क्षेत्र से स्थानीय उत्पादों की बिक्री करने शहर आने वाला वर्ग, गरीब परिवार जो आनंद से अपने स्वदेशी उत्पादों की बिक्री जैसे खिलौने, मिट्टी के उत्पाद, साज सज्जा का सामान आदि का विक्रय करके अपने परिवार के साथ दीपों का पर्व हर्षोल्लास से मनाता है, ऐसे सभी वर्गों का ध्यान रखते हुए इन्हें बाजार एवं तह बाजार के कर/शुल्क आदि से मुक्त रखा जाए। पूरे मध्य प्रदेश में रोशनी के पर्व दीपावली पर विद्युत की निर्बाध आपूर्ति की व्यवस्था की जाए, साथ ही जो भी अन्य साधन जिससे आम नागरिकों को सुविधा मिल सके उसकी समुचित व्यवस्था की जाए। प्रेम, आनंद और प्रकाश का पर्व समाज के सभी वर्गों के जीवन में खुशहाली लाए, सभी अपने परिवारों के साथ आनंद से यह पर्व मनाए, यही शुभेच्छा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User