तेलंगाना के रंगारेड्डी में दर्दनाक सड़क हादसा: बस-ट्रक की टक्कर में 20 लोगों की मौत, 20 घायल; CM रेवंत रेड्डी ने दिए राहत के निर्देश
हैदराबाद (आरएनआई) तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के चेवेला मंडल में रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हैं। हादसा खनापुर गेट के पास उस समय हुआ जब राज्य परिवहन निगम (टीजीएसआरटीसी) की बस और एक बजरी से भरे टिपर ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का माल बस पर जा गिरा, जिससे कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि टिपर ट्रक गलत दिशा में आ रहा था और तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस और आपदा राहत दल ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया। फिलहाल मृतकों की पहचान की जा रही है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गहरा दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को तत्काल राहत व बचाव कार्य में जुटने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सीएम ने मुख्य सचिव और डीजीपी को आदेश दिया है कि सभी घायलों को तुरंत हैदराबाद लाकर बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि राहत कार्यों की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारी और मंत्री तुरंत मौके पर पहुंचे।
राज्य के परिवहन मंत्री पोनम प्रभाकर ने भी घटना पर शोक जताते हुए आरटीसी के प्रबंध निदेशक नागी रेड्डी और रंगारेड्डी के जिला कलेक्टर से बात की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी घायलों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा दी जाए और मृतकों के परिजनों को हरसंभव आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
तेलंगाना के पूर्व मंत्री और बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव (केटीआर) ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चेवेला मंडल में हुआ यह हादसा अत्यंत दुखद है और राज्य सरकार को प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता देनी चाहिए। केटीआर ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारण सड़क पर कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में मलबा हटाकर आवागमन बहाल किया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



